राजस्थान में रात को तापमान कम होने से अब सर्दी बढ़ने लगी है। शेखावाटी के इलाकों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया।

वहीं सीकर और फतेहपुर में माउंट आबू जैसी सर्दी है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम ड्राई रहने और रात के तापमान में थोड़ी गिरावट होने का अनुमान जताया है।

ठंड बढ़ने के साथ ही राजस्थान के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के करीब के जिलों में प्रदूषण का लेवल बढ़ गया है। सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर खैरथल-तिजारा जिले का भिवाड़ी शहर है।

यहां बुधवार सुबह एयर क्वलिटी इंडेक्स खतरनाक लेवल (281) पर पहुंच गया है।

राजस्थान के 5 शहरों की हवा सबसे जहरीली

मौसम बदलने के साथ ही हवा खराब होने लगी है। बुधवार को भिवाड़ी साथ बीकानेर (239), हनुमानगढ़ (227) श्रीगंगानगर (222), सीकर (205) में प्रदूषण लेवल सबसे ज्यादा रहा। मौसम एक्सपर्ट के अनुसार हवा के खराब होते स्तर से लोगों को सांस लेने में भी परेशानी हो रही है।

सभी शहरों में आसमान साफ, धूप रही

पिछले 24 घंटे में सभी शहरों का आसमान साफ रहा और धूप निकली। बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ।

शेखावाटी के सीकर, फतेहपुर में मंगलवार रात तेज सर्दी रही। दोनों जगह न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं सबसे ठंडी रात माउंट आबू में रही, जहां न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

अब आगे क्या?

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राज्य में अगले एक सप्ताह तक आसमान साफ रहने की संभावना जताई है। इस दौरान दिनभर धूप रहने और कुछ शहरों के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है।


राजस्थान के प्रमुख शहरों में मौसम का हाल

जयपुर: मंगलवार को दिनभर आसमान साफ रहा और तेज धूप रही। अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं रात में पारा 1.2 डिग्री गिरने से सर्दी बढ़ गई। न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम ड्राई रहने का अनुमान जताया है।


अजमेर: शहर में मौसम में बदलाव के साथ ठंडक बढ़ने लगी है। मंगलवार दोपहर को हवा चलने से लोगों को सर्दी महसूस हुई। शाम होते ही ठंडक का असर बढ़ गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


कोटा: मंगलवार को आसमान साफ रहा। अधिकतम तापमान 1 डिग्री बढ़कर 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार- नवंबर के पहले सप्ताह में मौसम साफ रहेगा। रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होने की संभावना है।


उदयपुर: पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। वहीं न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस गिर गया। इससे पहले 2 नवंबर को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा था। वहीं दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी के बावजूद रात के तापमान में गिरावट आई है।


सीकर: मंगलवार सुबह से मौसम सामान्य रहा। दोपहर के समय तेज धूप‌ खिली। वहीं गर्मी का असर भी महसूस हुआ। जिले में सुबह-शाम के साथ रात में भी ठंड का असर रहने लगा है। न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री दर्ज किया गया।


जोधपुर: जिले का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे आ गया है। अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है।


अलवर: मौसम में बदलाव का दौर जारी है। सुबह से ही मौसम सामान्य बना हुआ है। दिन के समय धूप खिलने से हल्की गर्माहट महसूस हो रही है, लेकिन सुबह और शाम के साथ रात के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है। अब रात में घर से बाहर निकलने पर ठंड महसूस होने लगी है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।