ग्वालियर के झांसी रोड थाना इलाके के नाका चंद्रवदनी इलाके से एक नवविवाहिता अपनी 13 साल की नाबालिग बहन के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। घटना 28 अक्टूबर की दोपहर की है।
इसके बाद से दोनों बहनों का कोई सुराग नहीं मिला है। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद पुलिस में शिकायत की। इस पर बुधवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। दोनों की तलाश में पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
17 अक्टूबर को ससुराल से मायके आई थी नवविवाहिता
शहर के नाका चंद्रवदनी निवासी एक महिला ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी बड़ी बेटी की शादी कुछ महीने पहले ही की थी। 17 अक्टूबर को वह ससुराल से मायके आई थी। 28 अक्टूबर की दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी 13 साल की छोटी बहन को साथ लेकर घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद दोनों वापस नहीं लौटीं। जब परिजनों ने बड़ी बेटी के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, तो बात नहीं हो सकी।
मां का आरोप- किसी ने बहला-फुसलाकर बंधक बनाया
संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बाद भी जब दोनों बहनों का पता नहीं चला, तो परेशान मां थाने पहुंची। मां ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी दोनों बेटियों को बहला-फुसलाकर गायब कर दिया है या फिर कहीं बंधक बनाकर रखा है।
दोनों बहनों की तलाश में CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
शिकायत मिलने के बाद झांसी रोड थाना पुलिस ने दोनों बहनों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घर के आसपास और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि दोनों बहनें किस दिशा में गई थीं और क्या उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी मौजूद था।
लापता दोनों बहनों का हुलिया
बड़ी बहन (नवविवाहिता): रंग सांवला, कद करीब 4 फीट। घटना के समय नीले रंग की लोअर-टीशर्ट और पैरों में चप्पल पहने हुए थी।
छोटी बहन (13 वर्ष): रंग गोरा, कद करीब साढ़े 4 फीट। घटना के समय काले रंग की लोअर-टीशर्ट और पैरों में चप्पल पहने हुए थी।
थाना प्रभारी बोलीं- जल्द दोनों बहनों को बरामद करेंगे
झांसी रोड थाना प्रभारी सुरभी शर्मा ने बताया कि दो बहनों के लापता होने का मामला सामने आया है। शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम लगातार CCTV फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही दोनों बहनों को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।