डिलिमिटेशन बिल की तैयारी पूरी हो चुकी है और सरकार ने दो तिहाई सपोर्ट का इंतजाम भी कर लिया है। मोदी कैबिनेट के ग्रीन सिग्नल के बाद संशोधित परिसीमन बिल को लोकसभा में पेश करने का रास्ता साफ हो गया है। बिल की कॉपियां संसद के सदस्यों को बांट दी गई हैं। उनसे बिल को पढ़ने के लिए कहा गया है। सांसदों से कहा गया है कि अगर बिल को लेकर कोई सवाल कोई आपत्ति है तो वो उसे तैयार कर लें। संसद में चर्चा के दौरान सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है।

सभी सांसदों को दी गई कॉपियां

दरअसल, 30 नवंबर को लोकसभा का सेशन बुलाया गया है, जिसमें ये बिल पेश किया जाएगा। नये बिल में सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में 50 परसेंट सीट बढ़ाने का प्रावधान है। साथ ही अपर लिमिट भी तय कर दी गई है यानि कुल सीटें 850 ही होंगी। अगले 25 सालों तक सीटों की संख्या को फ्रीज कर दिया जाएगा। इसी तरह से विधानसभाओं में भी 50 फीसदी सीटें बढ़ेंगी यहां पर 650 से ज्यादा सीटें नहीं हो सकतीं। 50 परसेंट के रेश्यो में हर स्टेट की सीटें बढ़ेंगी। यानी किसी को नुकसान नहीं होगा।

महिला आरक्षण से जुड़ा बिल भी शामिल

महिला आरक्षण बिल भी डिलिमिटेशन से जुड़ा है, इसलिए इस बिल के पास होने के साथ ही 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं के लिए 33 परसेंट रिजर्वेशन भी लागू हो जाएगा। नए बिल में पीओके का भी जिक्र है। अगर PoK मिला तो चुनाव आयोग डिलिमिटेशन कमिशन की तरह काम करेगा और PoK में इलेक्शन वाला नक़्शा तय करेगा। बिल पास होने के बाद महिलाओं के लिए करीब 272 सीटें रिजर्व हो जाएंगी।