भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 27 नवंबर को सीहोर जिले में सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के फेस-1 और फेज-2 का लोकार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने बुधनी विधानसभा को भी 41.44 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इन विकास कार्यों में 5 सड़कें, सलकनपुर में रेस्ट हाउस, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, प्रयोगशाला का लोकार्पण शामिल हैं। इसके अलावा गोपालपुर में सामुदायिक भवन, बगवाड़ा में सीसी रोड का भी भूमि-पूजन किया गया।

'बुधनी विधानसभा की जनता को मां नर्मदा का विशेष आशीर्वाद'

इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि बुधनी विधानसभा की जनता को मां नर्मदा का विशेष आशीर्वाद मिला है। सीप-अंबर सिंचाई परियोजना के लोकार्पण से अब नर्मदा मैया के जल से खेतों में सिंचाई होगी। सूखे खेतों को सिंचाई के लिए पानी मिल जाए तो फसल सोने जैसी हो जाती है। राज्य सरकार सिंचाई सुविधाओं का निरंतर विकास करते हुए किसानों को सिंचाई के लिए दिन में भी बिजली उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद वर्ष 2002-03 तक 55 साल तक कांग्रेस की सरकार रही। लेकिन सिंचाई का रकबा केवल साढे 7 लाख हेक्टेयर था। उन्होंने इसके बाद उमा भारती, स्व. बाबूलाल गौर, शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का विकास किया। हमारी सरकार बनने तक वर्ष 2023 तक सिंचाई का रकबा बढ़कर 40 लाख हेक्टेयर हो गया। भगवान बलराम के आशीर्वाद से पिछले ढाई साल में ही मध्यप्रदेश में सिंचित क्षेत्र 20 लाख हेक्टेयर बढ़ा है और यह 60 लाख हेक्टेयर के अधिक हो चुका है। उन्होंने यह किसानों की समृद्धि और उनका जीवन बदलने का हमारा संकल्प है। आज बुधनी विधानसभा में सीप-अंबर सिंचाई परियोजना के दोनों चरणों का लोकार्पण हुआ है। उन्होंने कहा कि लगभग 536.23 करोड़ रुपये की परियोजना से 30,091 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होगी। यह सिंचाई परियोजना बुधनी-भैरूंदा के 76 गांवों के किसानों के लिए बड़ी सौगात है।

राज्य को सभी क्षेत्रों में बढ़ाएंगे आगे

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पृथ्वी पर जल से ही समस्त जीवों की उत्पत्ति हुई। इसीलिए सिंहस्थ कुंभ में एक डुबकी का विशेष महत्व है। सनातन संस्कृति की धारा आधुनिक विज्ञान से भी जुड़ती है। राज्य सरकार किसान कल्याण वर्ष में सिंचाई सुविधाओं का निरंतर विकास करते हुए किसानों को सिंचाई के लिए दिन में भी बिजली उपलब्ध करा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली दी जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1 लाख 70 हजार रुपए हो गई है। बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए सांदीपनि विद्यालय, गांवों तक पक्की सड़क और युवाओं को रोजगार देने के लिए औद्योगिक विकास को गति दी जा रही है। युवाओं को शासकीय सेवा में भी अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष में पीएससी परीक्षा 2 बार कराई जाएगी। अब तक 85 हजार पदों पर भर्ती की गई है। सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए राज्य में सभी संसाधन उपलब्ध हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश भी इस विकास यात्रा में सहभागी है। वर्तमान समय में भारतीय सेना और सुरक्षा बल अधिक सशक्त हुए हैं। हमारे सैनिक अब दुश्मन को उसी के घर में घुसकर मारते हैं।