अरिजीत सिंह ने वापस लिया संन्यास? 'आवारापन 2' का नया दर्द भरा गाना 'ये आवारापन' रिलीज, लोग उठा रहे सवाल
Updated on
21-07-2026 01:32 PM
सिंगर अरिजीत सिंह ने कुछ महीने पहले प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने का ऐलान किया था, जिसने फैंस का दिल बुरी तरह तोड़ दिया था। साथ ही अरिजीत ने कहा था कि अब वह कोई भी नया गाना या प्रोजेक्ट नहीं लेंगे। हालांकि, अब खबर है कि 'आवारापन 2' से अरिजीत सिंह प्लेबैक सिंगिंग में वापसी कर रहे हैं। इसमें उन्होंने 'ये आवारापन' गाने को अपनी आवाज दी है, जो 21 जुलाई को रिलीज हो गया है। इसी के साथ अब उनके रिटायरमेंट पर सवाल उठने लगे हैं। यूजर्स पूछ रहे हैं कि क्या सिंगर ने अब यू-टर्न ले लिया है? क्या संन्यास की बात झूठी थी? क्या उन्होंने सच में अपना वादा तोड़ दिया है?अरिजीत सिंह ने 27 जनवरी 2026 को प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान किया था, जिससे हर कोई दुखी था, पर अब कमबैक की खबर से फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं है। 'पिंकविला' की रिपोर्ट के मुताबिक, विशेष भट्ट ने 'आवारापन 2' में 'ये आवारापन' गाना अरिजीत सिंह से गवाया है। इसे अमल मलिक ने कंपोज किया है, जबकि लिरिक्स रश्मि विराग ने लिखे हैं।विशेष फिल्म्स के कारण अरिजीत सिंह ने तोड़ा अपना वादा
रिपोर्ट के मुताबिक, दावा किया जा रहा है कि अरिजीत सिंह ने विशेष फिल्म्स के कहने पर अपना इरादा बदला और गाने में कमबैक किया। एक सोर्स ने बताया, 'अरिजीत सिंह और विशेष फिल्म्स का रिश्ता हिंदी सिनेमा के पिछले पंद्रह सालों के इतिहास में गहराई से जुड़ा हुआ है। विशेष फिल्म्स ने ही सबसे पहले अरिजीत सिंह पर भरोसा किया और उन्हें 'मर्डर 2' में 'फिर मोहब्बत' गाना दिया था। इसके बाद अरिजीत और विशेष फिल्म्स के बीच गहरा और क्रिएटिव रिश्ता बन गया। उन्होंने साथ में कई हिट गाने दिए, जो हमेशा पसंद किए जाते रहेंगे, जैसे 'तुम ही हो','मुस्कुराने', 'खामोशियां' का टाइटल ट्रैक, 'हमारी अधूरी कहानी' का टाइटल ट्रैक और 'जलेबी' का 'पल'।बता दें कि अरिजीत सिंह ने 27 जनवरी को एक पोस्ट शेयर किया था, जिसमें प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान करते हुए लिखा था, 'नमस्ते। सभी को नए साल की बधाई। इतने सालों तक एक श्रोता के तौर पर मुझे इतना प्यार देने के लिए मैं आप सभी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अब से मैं प्लेबैक सिंगर के तौर पर कोई नया काम नहीं करूगा। मैं अब इससे विदा ले रहा हूं। यह एक शानदार सफर रहा।'अरिजीत सिंह के इस फैसले पर बी प्राक से लेकर बादशाह समेत कई सिंगर्स और बॉलीवुड सेलेब्स ने रिएक्ट किया था।'नया प्रोजेक्ट नहीं लूंगा, पर पहले के रिकॉर्डेड या अधूरे गाने आते रहेंगे'
हालांकि, संन्यास के ऐलान के साथ अरिजीत सिंह ने यह भी क्लियर कहा था कि वह बेशक कोई नया प्रोजेक्ट या गाना हाथ में नहीं लेंगे, पर उनके जो पहले से रिकॉर्डेड या अधूरे गाने हैं, वो एक-एक करके धीरे-धीरे रिलीज होते रहेंगे। यही वजह रही कि अरिजीत सिंह के संन्यास लेने के बाद भी उनके गाने एक-एक करके रिलीज होते रहे, और फैंस को लगा कि उनकी रिटायरमेंट की बात झूठी है। अब 'अवारापन 2' का जो गाना है, वो पहले का रिकॉर्ड किया है, या वाकई अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग में वापसी की है, इस पर फिलहाल कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। अरिजीत सिंह अभी लाइव कॉन्सर्ट पर फोकस कर रहे हैं।