यूपी में ‘अर्नब’ तूफान के असर से तीसरे दिन भी मौसम बदला हुआ है। शनिवार सुबह से लखनऊ, बाराबंकी, प्रयागराज, सीतापुर, उन्नाव और हरदोई समेत 15 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बारिश और ठंडी हवाओं से सर्दी का एहसास हो रहा है।
लखनऊ में गुरुवार शाम को शुरू हुई बारिश शनिवार को भी जारी है। 48 घंटे से लगातार रिमझिम बारिश से ठिठुरन बढ़ गई। सड़कों पर सन्नाटे जैसा माहौल है। पारा 7.6°C तक लुढ़क गया है। गोंडा में बारिश के चलते स्कूल बंद करने पड़े हैं।
इधर, सुबह सहारनपुर, शामली, संभल, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और देवरिया समेत 10 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई जगह विजिबिलिटी 50 मीटर तक सिमट गई है। सड़कों पर कुछ भी देखना मुश्किल हो गया है। दिन में भी धूप नहीं निकली।
वाराणसी में बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. रवि शंकर सिंह ने बताया कि पूर्वी यूपी के 23 जिलों में आज बारिश का अलर्ट है। कल से मौसम सुधरने लगेगा। तेज धूप खिलेगी। बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान हो सकता है। किसान सतर्क रहें।
यूपी में बारिश कब थमेगी? मौसम वैज्ञानिकों ने बताया
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पिछले 48 घंटों से जारी बारिश का दौर अब थमने वाला है। कल से धीरे-धीरे आसमान साफ होने लगेगा। इसके प्रभाव से अगले एक हफ्ते के भीतर दिन के तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी, जबकि रातों के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी, जिससे गुलाबी ठंड का अहसास बढ़ेगा।
लखनऊ के ग्रामीण इलाकों में खेतों में कटी पड़ी धान की फसल बर्बाद हो गई है। माल विकासखंड के ढकवा निवासी विशाल सिंह, मान सिंह और रामविलास चौरसिया ने बताया कि उनकी पूरी फसल बर्बाद हो गई है।
झांसी में शनिवार को मौसम सामान्य बना हुआ है। सुबह से ही धूप खिली हुई है, हालांकि ठंडी हवाएं चलने से मौसम में हल्की ठंडक महसूस हो रही है।
फर्रुखाबाद में भी आसमान में बादल छाए हैं। हल्की हवा चल रही है। शुक्रवार शाम को बूंदाबांदी हुई थी। रात को भी हल्की बारिश हुई। अधिकतम तापमान 25 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
आगरा में शनिवार सुबह हल्की धूप खिली है। लेकिन दो दिन हुई बूंदाबांदी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हल्की ठंड है। मौसम विभाग का कहना है कि दिन में मौसम साफ रहेगा।
देवरिया में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है। शुक्रवार सुबह जिले में कोहरे की धुंध छाई रही। इस दौरान दृश्यता (विजिबिलिटी) घटकर 200 मीटर दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश के कारण धान के खेतों में जलभराव हो गया है, जिससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
प्रयागराज में चक्रवात के असर से पिछले 24 घंटे से लगातार रुक-रुककर रिमझिम बारिश हो रही है। ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आई है। मौसम ठंडा हो गया है। सुबह से ही लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है।
लखनऊ में पिछले 40 घंटे से रिमझिम बारिश हो रही है। शुक्रवार से धूप नहीं निकली है। ठंडी हवाओं और बारिश के चलते दिन के तापमान में 7.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान 11 मिलीमीटर बारिश हुई। अक्टूबर में 2015 के बाद शुक्रवार लखनऊ का पांचवां सबसे ठंडा दिन रहा।
सीतापुर में पिछले 8 घंटे से हो रही हल्की बूंदाबांदी जारी है। बच्चे रेनकोट और छाते के सहारे स्कूल पहुंचे।
बिजनौर के चांदपुर में सीजन का पहला कोहरा छाया। रुक-रुक कर हल्की बूंदाबांदी हो रही है।
संभल में बारिश के बाद कोहरा छाया है। विजिबिलिटी 150 मीटर दर्ज की गई। न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने बताया कि पूरे दिन बादल छाए रहेंगे।
बलिया में अर्नब तूफान का असर तीसरे दिन यानी शनिवार की सुबह भी जारी रहा। झमाझम बारिश हो रही है। शुक्रवार की पूरी रात बारिश होती रही। कई इलाकों में जलभराव है। तापमान में गिरावट से सर्दी बढ़ गई है।
बरेली में बादल छाए, बीच-बीच में हल्की धूप निकल रही
बरेली में बादल छाए हुए हैं। बीच-बीच में हल्की धूप निकल रही है। अधिकतम तापमान 26⁰C रहा।
कौशांबी में शुक्रवार सुबह से हो रही लगातार बारिश के बाद राम बन गमन मार्ग मंझनपुर मुख्यालय क्षेत्र के ओसा चौराहे के पास सड़क धंस गई। सवारियों को लेने जा रही ऑटो का पहिया फंस गया। गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ।
गोरखपुर में शनिवार की सुबह से बादल छाए हैं। फिलहाल बारिश बंद है। ठंडी हवाओं से ठिठुरन महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, रात 8.30 बजे तक जिले में सबसे अधिक बारिश खोराबार में 84.5 मिमी हुई। तापमान में 11.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। जिससे 57 वर्षों का रिकॉर्ड टूटा है।
सहारनपुर में कोहरा छाया हुआ है। विजिबिलिटी 500 मीटर से कम है। न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
अर्नब तूफान से धान और सब्जियों की फसल पर खतरा
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से पूर्वी यूपी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. रवि शंकर सिंह और शिव मंगल सिंह ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
बारिश और तेज हवाओं से धान की पकी फसल गिरने और सब्जियों के सड़ने का खतरा है। किसानों को तैयार फसलों की कटाई कर सुरक्षित रखने, खेतों में जल निकासी की व्यवस्था करने और बारिश के दौरान कीटनाशकों का छिड़काव नहीं करने की सलाह दी गई है।