नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की वो आखिरी इच्छा क्या थी जिसे पूरा नहीं कर पाने का मलाल सोनिया गांधी को हमेशा रहा। दिग्गज कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में इस राज को खोला है। उन्होंने अपनी बुक में अपने पति को खोने का दर्द बयां किया। सोनिया गांधी ने बताया कि हत्या के बाद जब वो राजीव गांधी के पार्थिव शरीर के पास पहुंचीं तो गहरे सदमे में थी। उन्हें इसी दौरान अचानक एक बात याद आई। सोनिया गांधी ने बुक में बताया कि राजीव गांधी ने अपनी मां पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की तरह ही अपनी आंखें दान करने की बात कही थी। राजीव गांधी चाहते थे कि वो अपनी मां की तरह ही अपनी आंखें दान करें।

'अपनी आंखें दान करना चाहते थे राजीव गांधी'

सोनिया गांधी ने उस झकझोर देने वाले पल को अपनी बुक में बयां करते हुए कहा कि जैसे ही मैंने राजीव गांधी के पार्थिव शरीर को देखा और उनकी आंखें दान करने की बात याद आई तो तुरंत परिवार के डॉक्टर को ढूंढना शुरू किया। वह चाहती थीं कि राजीव गांधी की आखिरी इच्छा पूरी हो सके। उन्होंने पता किया कि क्या डॉक्टर माथुर उस जगह पर हैं, उन्होंने तुरंत ही उनसे तुरंत बात करने का फैसला किया। जब उन्होंने डॉक्टर से पूछा कि क्या राजीव गांधी की आंखें दान की जा सकती हैं? इस पर डॉक्टर ने जो जवाब दिया उसे सुनकर सोनिया गांधी अंदर तक टूट गईं।
डॉक्टर बोले- ब्लास्ट में कुछ नहीं बचा

सोनिया गांधी ने बुक में बताया कि उस समय डॉक्टर ने कहा कि आंखें? अरे क्या बात कर रही हैं, अब कुछ नहीं बचा है, कुछ भी नहीं। डॉक्टर ने बताया कि ब्लास्ट इतना भयानक था कि उससे उन्हें बहुत नुकसान हुआ है। अब कुछ भी नहीं बचा है। आंखें दान करने का तो सवाल ही नहीं है। अब कुछ भी संभव नहीं है। सोनिया गांधी ने अपनी बुक में लिखा कि जैसे ही उन्होंने डॉक्टर यह बात सुनी तो ऐसा झटका लगा जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। सोनिया गांधी कहती हैं कि उस समय बस मन में यही बात आ रही थी कि मैं भी मर जाऊं। हालांकि, बेटी प्रियंका ने उस मुश्किल वक्त में मुझे संभाला।
राजीव जिंदा होते तो हम नॉर्मल जिंदगी जी रहे होते। लोगों ने मेरे बारे में काफी किस्से-कहानियां बनाईं, लेकिन मैंने इन सब की जगह सिर्फ अपने बच्चों और काम पर ध्यान दिया।

यह बातें कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दैनिक भास्कर से विशेष बातचीत में कहीं।