कटनी के बछरवारा गांव में खनिज विभाग और टास्क फोर्स ने अवैध रेत पर कार्रवाई की। शनिवार को सरकारी जमीन पर 200 घन मीटर रेत जब्त हुई। यह कार्रवाई तीन दिन की निगरानी के बाद हुई।
विभाग को अवैध रेत निकालने और जमा करने की शिकायतें मिल रही थीं। जांच में बछरवारा की सरकारी जमीन पर अवैध रेत मिली। टीम ने जेसीबी और हाइवा से रेत हटाई।
जब्त 200 घन मीटर रेत को जेके सीमेंट फैक्ट्री परिसर में रखा गया है। बची रेत मौके पर नष्ट की गई। डिप्टी डायरेक्टर खनिज रत्नेश दीक्षित ने बताया कि जब्त रेत को सरकार की संपत्ति बनाया जाएगा।
विभाग यह नहीं बता पाया कि इतनी रेत किसने डंप की। स्थानीय ग्रामीण राजाराम पटेल और अवध यादव ने इस पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सही जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
इस कार्रवाई के बाद शनिवार को बड़वारा थाना क्षेत्र के विलायत खुर्द महानदी से एक वीडियो सामने आया है। इसमें कई ट्रैक्टर तोलिया नदी से अवैध रेत निकालते दिख रहे हैं। खनिज विभाग ने इस पर भी कार्रवाई की बात कही।