
भोपाल। बैरसिया थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति पर तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बैरसिया निवासी 26 वर्षीय महिला का निकाह मई 2021 में विदिशा जिले के लटेरी निवासी आरिफ खान से हुआ था।
विवाह के कुछ माह बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गए। महिला का आरोप है कि पति उसके साथ आए दिन विवाद और प्रताड़ना करने लगा, जिसके बाद वह मायके आकर रहने लगी।
पीड़िता का कहना है कि अलग रहने के दौरान पति ने उसे वापस ले जाने का कोई प्रयास नहीं किया। इस बीच उसने भरण-पोषण के लिए न्यायालय में आवेदन दायर किया, जिस पर सुनवाई चल रही है।
आरोप है कि गुरुवार को आरोपित पति महिला के मायके पहुंचा और घर के बाहर खड़े होकर तीन बार तलाक बोलने के बाद वहां से चला गया। घटना के बाद महिला ने बैरसिया थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।