
भोपाल। पिपलानी थाना पुलिस ने प्रतिबंधित दर्द निवारक इंजेक्शनों की तस्करी करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 40 इंजेक्शन जब्त किए हैं।
इन इंजेक्शनों का इस्तेमाल कर नशे के लिए एविल की गोलियों के साथ किया जाता है। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक प्रतिबंधित इंजेक्शन लेकर जंबूरी मैदान गेट के पास खड़े हैं। सूचना के आधार पर रविवार शाम करीब सात बजे घेराबंदी कर कार्रवाई की गई।
मौके से गोपाल नगर निवासी दक्ष यादव (32) और कैंची छोला निवासी बब्लू कुचबंदिया (27) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 40 दर्द निवारक इंजेक्शन बरामद हुए।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस आरोपितों से इंजेक्शनों के स्रोत और इन्हें किसे बेचने की तैयारी थी, इसकी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि ऐसे इंजेक्शनों का दुरुपयोग नशे के लिए किया जाता है, जहां इन्हें एविल की गोलियों के साथ लिया जाता है। दोनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है।