
कोंडागांव। आम जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए शनिवार को अतिसंवेदनशील ग्राम मर्दापाल में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। वन-जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन, कौशल विकास एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने इस अवसर पर क्षेत्र की जनता को 8 करोड़ 52 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। उन्होंने 39 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 15 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने इसके साथ ही यहां आयुष्मान कार्ड, सिकलसेल जेनेटिक कार्ड, धान बीज एवं स्प्रेयर, राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत सब्जी बीज और जैविक खाद, दिव्यांगों का उपकरण, पौधा प्रदाय योजना के तहत पौधे सहित विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहीमूलक सामग्री का वितरण भी किया। यहां आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में कुल 354 आवेदन प्राप्त हुए।
मंत्री कश्यप ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली यह सरकार जनता की समस्याओं के निदान के लिए सदैव उनके साथ है। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में आज यहां जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया है। जनता अपनी समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष रखे। इसका त्वरित निराकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की नीतियों के कारण महिलाएं लगातार हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। इसके साथ ही धान के मूल्य में वृद्धि से किसान और तेंदूपत्ता के मूल्य में वृद्धि से वनोपज संग्राहक खुशहाल जीवन की ओर आगे बढ़ रहे हैं। शासन हर गरीब को पक्के छत की घर उपलब्ध करा रही है। शासन लगातार ऐसी नीतियां बना रही है कि हर घर में खुशहाली पहुंचे। आम जनता को भी चाहिए कि वे इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि पूर्व में की गई घोषणाओं पर क्रियान्वयन करते हुए आज यहां 8 करोड़ 52 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया है। जनाकांक्षाओं को पूरा करने वाले ये विकास कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।