
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशन में अपर कलेक्टर एस पी वैद्य ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में योग दिवस के आयोजन के संबंध में बैठक आयोजित की। बैठक में अपर कलेक्टर ने बताया कि 21 जून को 10 वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम जांजगीर के भीमा तालाब जाज्वल्यदेव द्वार के पास 21 जून को प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक आयोजित किया जाएगा। जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी होंगे।
अपर कलेक्टर ने बताया कि जिले के शहरों और गांवों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही सभी ग्राम पंचायत, नगरीय निकाय के प्रमुख स्थलों जैसे-ऐतिहासिक, सार्वजनिक महत्व के स्थल, अमृत सरोवर, महत्वपूर्ण नदियों वाले स्थलों पर अधिक से अधिक भागीदारी के साथ सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए दायित्वों का कुशलता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। बैठक के उपरांत अधिकारियों ने भीमा तालाब स्थित जाज्वल्यदेव द्वार स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।