बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम के लिए मिशन अव्वल जैसे नवाचार प्रशंसायोग्य : CM साय
Updated on
21-06-2024 06:13 PM
रायपुर। बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम के लिए धमतरी जिले में मिशन अव्वल का नवाचार किया गया, यह बहुत प्रशंसा योग्य है। बच्चों को आगे बढ़ते देखना बहुत अच्छा लगता है। जीवन में आगे बढ़ने के लिए दो सबसे महत्वपूर्ण सूत्र हैं कड़ी मेहनत और इच्छा शक्ति। यह बात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धमतरी जिला प्रशासन द्वारा आयोजित मिशन अव्वल समारोह के अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान के अवसर पर कही।अपने संबोधन में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि धमतरी जिला प्रशासन ने दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए मिशन अव्वल आरंभ किया। यह बहुत सफल रहा है। दसवीं और बारहवीं बोर्ड में जिले के बेटे-बेटियों ने बहुत अच्छे अंक हासिल किये हैं। उन्हें हम सम्मानित करने जा रहे हैं। जो इतने अच्छे रिजल्ट आये, उसके पीछे मिशन अव्वल की बड़ी भूमिका रही है। इसके अंतर्गत हर महीने टेस्ट लिये जाते थे। आखरी महीने में बच्चों को बोर्डिंग में रखकर विशेष रूप से तैयारी कराई गई। इसका अच्छा परिणाम हुआ और बहुत अच्छे नतीजे आये। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 55 करोड़ 15 लाख रुपए के 122 विभिन्न कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया है।