ढोरिया में विधायक कृपलानी की जनसभा, ट्रिपल इंजन सरकार बनाने का किया आह्वान

ग्रामीणों ने किया स्वागत-अभिनंदन, भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जुटे कार्यकर्ता

निम्बाहेड़ा। ग्राम पंचायत ढोरिया में पंचायतीराज चुनाव को लेकर आयोजित जनसभा में विधायक श्रीचंद कृपलानी का ग्रामीणों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उत्साहपूर्वक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। जनसभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही तथा पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत में विधायक कृपलानी ने भगवान श्री देवनारायण जी के मंदिर पहुंचकर दर्शन किए तथा विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं सर्वांगीण विकास की मंगलकामना की। इस दौरान ग्रामवासियों ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए सम्मान किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक कृपलानी ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा एवं महिलाओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास को गति देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि पंचायतीराज संस्थाएं ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गांवों की समस्याओं का समाधान करने तथा विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में पंचायतों की अहम भूमिका रहती है। ऐसे में केंद्र एवं राज्य में भाजपा की सरकार के साथ पंचायतों में भी भाजपा के प्रतिनिधि निर्वाचित होंगे तो विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।

विधायक कृपलानी ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि पंचायतीराज चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को समर्थन देकर डबल इंजन की सरकार को ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं, जिससे क्षेत्र के गांवों में विकास की गति और तेज हो तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंच सके।

उन्होंने जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी शिवनारायण धाकड़ एवं पंचायत समिति सदस्य प्रत्याशी रामपाल मेघवाल के समर्थन में ग्रामीणों से संवाद करते हुए पंचायतीराज चुनाव के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सहभागिता और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से गांवों के विकास को नई दिशा दी जा सकती है।

इस अवसर पर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामवासियों ने विधायक कृपलानी का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। विधायक ने ग्रामीणों द्वारा दिए गए स्नेह, सम्मान एवं विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र के विकास एवं जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।