ढाका: बांग्लादेश की वायु सेना के लिए चीन से 20 चेंगदू J-10C मल्टीरोल फाइटर जेट खरीदने का प्लान फाइनल हो चुका है। बांग्लादेश को तीन साल में सभी 20 लड़ाकू विमानों की डिलीवरी कर दी जाएगी। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बीते सप्ताह ही इन विमानों को खरीदने के लिए आगे बढ़ने की मंजूरी दी थी। बताया गया है कि विमानों की खरीद के लिए ड्राफ्ट तैयार है और इस पर हस्ताक्षर होने के साल भर बाद ही विमानों की पहली खेप पहुंच जाएगी।
नॉर्थ ईस्ट न्यूज ने बांग्लादेश के रक्षा सूत्रों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में बताया है कि ढाका और बीजिंग के बीच अनुबंध का ड्राफ्ट तैयार है, लेकिन फाइनल कॉन्ट्रैक्ट को पूरा करने में कुछ वित्तीय और तकनीकी बाधाएं हैं। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि इन बाधाओं को दूर किया जा सकता है।
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने जताई आपत्ति
रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश के वित्त मंत्रालय ने अंतिम समझौते को लेकर कुछ आपत्तियां जताई हैं। इसके पहले बांग्लादेश चीनी फाइटर जेट की खरीद की जांच के लिए 6 सदस्यों की समिति बनाई थी। इस कमेटी ने अपनी जांच रिपोर्ट सौंप दी है। इसके बाद अनुबंध का ड्राफ्ट भी तैयार हो गया है।
बांग्लादेश के वित्त मंत्रालय ने कॉन्टैक्ट के ड्राफ्ट में जिन चीजों पर आपत्ति जताई है, उनमें एक मुद्दा भुगतान से जुड़ा है। इसमें कहा गया है कि अगर तय समय के भीतर बांग्लादेश भुगतान नहीं करता है, तो चीन लड़ाकू विमानों को वापस मांग सकता है।
बांग्लादेश के पीएम से मिली मंजूरी
प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने इस महीने की शुरुआत में 4 नवम्बर को चीनी J-10C फाइटर जेट की खरीद को नीतिगत और वित्तीय मंजूरी दी थी।
प्रस्तावित अनुबंध के तहत चीन में बने 20 चेंगदू J-10C लड़ाकू विमानों की खरीद सरकार से सरकार (G2G) समझौते के तहत की जाएगी।
इन विमानों की डिलीवरी सरकारी चीनी कंपनी चाइना नेशनल-एयरो-टेक्नोलॉजी इंपोर्ट एंड एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन करेगी।
J सीरीज के 20 विमानों की खरीद के लिए ढाका 26500 करोड़ टका का भुगतान करेगा। अमेरिकी डॉलर में यह रकम 2.13 अरब डॉलर होगी।
विमानों की मूल कीमत 1.96 अरब डॉलर है, जबकि 17 करोड़ डॉलर ब्याज होगा।
J-10C फाइटर जेट की ताकत
चीनी J-10C फोर्थ प्लस जनरेशन का मल्टीरोल फाइटर जेट है, जिसे चेंगदू एयरक्राफ्ट इंडस्ट्री ने विकसित किया है।
यह विमान एक्टिव इलेक्ट्रॉनिकली स्कैन्ड एरे (AESA) रडार से लैस है।
यह हवा से हवा और हवा से जमीन पर मौजूद दुश्मन के टारगेट को निशाना बना सकता है।
चीनी जे-10सी फाइटर बियॉन्ड विजुअल रेंज हवा से हवा में मार करने वाली PL-15 मिसाइलों को दागने में सक्षम है।
पाकिस्तान करता है J-10C का इस्तेमाल
चीन के बाद J सीरीज के विमानों का पाकिस्तान सबसे बड़ा उपयोगकर्ता है। पाकिस्तान ने बड़ी संख्या में जे-10सी फाइटर जेट को अपने हवाई बेड़े में शामिल किया है। पाकिस्तान ने दावा किया था कि उसने मई 2025 में भारत के साथ हवाई युद्ध के दौरान इन लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया था। भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान राफेल लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया था। रिपोर्टों में कहा जा रहा है कि चीनी विमान मिलने के बाद पाकिस्तानी पायलट बांग्लादेश के पायलटों को ट्रेनिंग दे सकते हैं।