जर्मनी के क्रिसमस मार्केट पर हमला:सऊदी डॉक्टर ने तेज रफ्तार कार से लोगों को रौंदा, 2 की मौत, 68 घायल

Updated on 21-12-2024 01:00 PM

जर्मनी के मैगडेबर्ग शहर में शुक्रवार को क्रिसमस मार्केट में एक शख्स ने लोगों पर कार चढ़ा दी। घटना में दो की मौत हो गई और 68 लोग घायल हो गए। इस हमले का आरोपी 50 साल का एक सऊदी अरब का डॉक्टर है, जो जर्मनी के पूर्वी राज्य सैक्सोनी-अनहाल्ट में रहता है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

घायलों को अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और लोगों से घटना स्थल से दूर रहने की अपील की है।

मैगडेबर्ग के प्रीमियर रीनर हसेलॉफ ने मीडिया से कहा कि हमने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। वह सऊदी अरब का नागरिक है और 2006 से जर्मनी में रह रहा है। यह हमला देश और शहर के लिए एक आफत है।

हसेलॉफ ने आगे कहा- फिलहाल हम जो जानते हैं उसके मुताबिक वह अकेला हमलावर था, इसलिए हमें नहीं लगता कि अब कोई और खतरा है। हालांकि अभी तक हमलावर के मकसद के बारे में पता नहीं चल सका है।

मैगडेबर्ग में हर साल क्रिसमस मार्केट लगता है

मैगडेबर्ग, जर्मनी के सैक्सनी-आन्हाल्ट राज्य की राजधानी है। यह शहर एल्बे नदी के किनारे स्थित है और इसकी आबादी लगभग 2.40 लाख है।

यह शहर बर्लिन से लगभग डेढ़ घंटे की ड्राइव की दूरी पर स्थित है। मैगडेबर्ग में साल में एक बार क्रिसमस मार्केट लगता है और बड़ी संख्या में भीड़ होती है।

हमलावर को 2016 में मिला था शरणार्थी का दर्जा 

द गार्जियन के मुताबिक, हमलावर का नाम तालेब है। वह एक मनोचिकित्सक सलाहकार है। तालेब 2006 से जर्मनी में रह रहा था, उसे 2016 में शरणार्थी का दर्जा दिया गया। वह मैगडेबर्ग शहर से करीब 40 किलोमीटर दूर बर्नबर्ग में मेडिकल प्रैक्टिस कर रहा था। उसने हमला करने से पहले एक BMW कार किराए पर ली थी। फिलहाल हमलावर का कट्टरपंथियों से किसी तरह का संबंध नहीं मिला है।

जर्मन चांसलर शोल्ज शनिवार को घटनास्थल जाएंगे

जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज ने इसे लेकर X पर लिखा- मैगडेबर्ग से आई रिपोर्ट्स डर पैदा करती है। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं। हम उनके साथ और मैगडेबर्ग के लोगों के साथ खड़े हैं।

प्रीमियर रीनर हसेलोफ ने बताया कि चांसलर शोल्ज शनिवार को घटनास्थल का दौरा करेंगे।

डाइ वेल्ट न्यूज के मुताबिक हमलावर की कार में पैसेंजर सीट पर कुछ सामान मिला है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं है कि इसमें कोई विस्फोटक उपकरण था, लेकिन जांच अधिकारी किसी संभावना से इनकार नहीं कर रहे हैं। वहीं मैगडेबर्ग सिटी एडमिनिस्ट्रेशन ने फेसबुक पोस्ट में बताया कि इस हमले में 15 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

फ्रांस, इटली और स्पेन ने दुख जाहिर किया

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का कहना है कि वह इस हमले से सदमे में हैं। वह जर्मन लोगों के दर्द को समझते हैं। वहीं इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने कहा कि हमारे लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होना चाहिए।

स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने कहा कि वह इस भयानक हमले से सदमे में हैं।

2016 में ऐसी घटना में गई थी 13 लोगों की जान

यह घटना 19 दिसंबर 2016 को बर्लिन में हुई एक बड़ी आतंकी घटना की याद दिलाती है, जब एक इस्लामिक चरमपंथी ने ट्रक से क्रिसमस बाजार में भीड़ पर हमला किया था। घटना में तब 13 लोगों की मौत हो गई थी और दर्जनों लोग घायल हुए थे। उस हमलावर को कुछ दिनों बाद इटली में पुलिस एनकाउंटर में मार दिया गया था।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 20 March 2026
रियाद/तेहरान: ईरान के साथ अमेरिका और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध में मरने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। लेबनान ने आज जानकारी देते हुए 1000 लोगों…
 20 March 2026
वॉशिंगटन: ईरान के साथ जंग में लगी अमेरिकी सेना फंडिंग की कमी से जूझ रही है। अमेरिकी रक्षा विभाग ने ईरान युद्ध जारी रखने के लिए कांग्रेस से 200 अरब डॉलर…
 20 March 2026
तेहरान/वॉशिंगटन: ईरान के साथ जंग अमेरिका के लिए बेहद भारी पड़ रही है। युद्ध शुरू होने के बाद से पहले 20 दिनों में अमेरिका का कम से कम 16 सैन्य विमानों…
 20 March 2026
तेल अवीव: इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को दावा किया कि अमेरिका और ईरान के हवाई हमलों ने ईरान की सैन्य क्षमता को बहुत कमजोर कर दिया है। उन्होंने कहा…
 20 March 2026
तेल अवीव/वॉशिंगटन: अमेरिका और इजरायल की दोस्ती को बेहद ही गहरी माना जाता रहा है। लेकिन ईरान युद्ध के पहले 20 दिनों ने दो पुराने दोस्तों के बीच मतभेदों को उजागर…
 20 March 2026
ओटावा: कनाडा के शीर्ष पुलिस अधिकारी ने कहा है कि उन्हें जांच में देश में विदेशी संस्था के दमन में शामिल होने के कोई सबूत नहीं मिले हैं। यह कनाडा के…
 19 March 2026
तेहरान: अमेरिका-इजरायल और ईरान की जंग के बीच आज किसी चीज की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, तो वह है होर्मुज जलडमरूमध्य है। इसे स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait Of Hormuz)…
 19 March 2026
तेहरान/दोहा: इजरायल ने बुधवार को ईरान स्थित दुनिया के सबसे बड़े गैस फील्ड पर हमला हमला किया है। साउथ पार्स गैस फील्ड पर हमले से बौखलाए ईरान ने खाड़ी क्षेत्र के…
 19 March 2026
वॉशिंगटन: भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु संघर्ष का खतरा वास्तविक है और दोनों के बीच तनावपूर्ण संबंधों के चलते यह बना हुआ है। अमेरिकी सीनेट में बुधवार को पेश ‘यूएस…
Advt.