अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में शुक्रवार तड़के ड्यूटी पर तैनात पंजाब पुलिस के ASI हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, भगतांवाला अनाज मंडी के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात लोगों ने उन पर फायरिंग की। घटना करीब सुबह 3 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, हरजीत सिंह को गोली लगने के बाद गंभीर हालत में अमृतसर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वह तरनतारन जिले के रहने वाले थे और अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस की PCR में तैनात थे।हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और संबंधित थाने की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान करने के लिए उपलब्ध साक्ष्यों और CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।सीएम भगवंत मान ने जताया दुख
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एएसआई हरजीत सिंह की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ड्यूटी निभाते हुए उनके बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, परिवार को पंजाब सरकार की ओर से एक करोड़ की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक की ओर से एक करोड़ का अतिरिक्त बीमा भुगतान किया जाएगा। यानी परिवार के लिए घोषित सहायता कुल 2 करोड़ रुपये है।DGP गौरव यादव ने दी श्रद्धांजलि
पंजाब के DGP गौरव यादव ने भी हरजीत सिंह की मौत पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। DGP के मुताबिक, ASI हरजीत सिंह को पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान तथा हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है।