इन छह लोगों की मौत की जिम्मेदार बरही नगर पंचायत है। अगर समय पर फायर ब्रिगेड पहुंच जाती, तो परिवार के सभी सदस्य जिंदा होते।

यह कहते हुए दुर्गा प्रसाद अग्रवाल का चेहरा गुस्से से लाल हो जाता है। कटनी के बरही में रहने वाले दुर्गा के जीजा पूरन अग्रवाल के तीन मंजिला मकान में दिवाली की रात आग लग गई थी। इस हादसे में परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में दो महीने का मासूम बच्चा भी शामिल है। आग इतनी भीषण थी कि शवों को निकालने के लिए जेसीबी से पड़ोसी की दीवार तोड़नी पड़ी। आग रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे लगी थी।
घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की पहली गाड़ी मौके पर पहुंची। बरही नगर परिषद की इस दमकल गाड़ी में पानी कम था। उसका पाइप भी फटा हुआ था। इस वजह से आग बुझाने में दमकलकर्मी नाकाम रहे।
इसके बाद विजयराघवगढ़ नगर परिषद की दूसरी दमकल गाड़ी करीब 2 बजे पहुंची। फिर कैमोर और कटनी नगर निगम की दमकलें भी मौके पर आईं। स्थानीय लोगों की मदद से सुबह करीब 5:30 बजे आग पर काबू पाया जा सका।
बड़े बेटे की कार एक्सीडेंट में मौत हो चुकी
पूरन अग्रवाल (77) करीब दो साल पहले ही बरही में रहने आए थे। इससे पहले वे मेन बाजार स्थित अपने पुश्तैनी मकान में रहते थे। उनके तीन मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर ग्रॉसरी और क्रॉकरी की दुकान है। जबकि ऊपर की दो मंजिलों पर परिवार रहता था।
परिवार में पत्नी चंद्रकला, बड़ी बहू दीपिका और उसकी दो बेटियां आर्या (14) और अन्वी (6) थीं। इसके अलावा छोटा बेटा रितेश, उसकी पत्नी पूनम और दो महीने का बेटा अर्वी भी इसी मकान में रहते थे।
पूरन के बड़े बेटे शालू अग्रवाल की 2024 में होली के दौरान सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वह दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उनकी कार पलट गई थी।
डिनर करने के बाद सोने गया था परिवार
रविवार रात दिवाली की पूजा के बाद अग्रवाल परिवार ने साथ बैठकर खाना खाया। इसके बाद सभी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। रात करीब 12 बजे दीपिका को कुछ जलने की गंध आई। वह तुरंत बिस्तर से उठी। बाहर देखा तो दुकान से आग की लपटें उठ रही थीं।
उसने तुरंत रितेश को फोन किया। रितेश बिस्तर से उठकर नीचे की ओर भागा। तब तक दीपिका भी नीचे पहुंच गई थी। दुकान में प्लास्टिक का सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग ने सीढ़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
पूरन, चंद्रकला, आर्या और अन्वी दूसरी मंजिल पर सो रहे थे, जबकि पूनम अपने दो महीने के बेटे अर्वी के साथ तीसरी मंजिल के कमरे में थी। आग फैलने के कारण परिवार के बाकी सदस्य मकान के अंदर ही फंस गए।
फायर ब्रिगेड की लापरवाही से गई जान
पूरन अग्रवाल के भाई प्रदीप अग्रवाल ने बताया, "आग देखकर रितेश ने दुकान का शटर खोला। उसने दीपिका को आवाज लगाई कि भाभी जल्दी आओ, आग लग गई है। मशीन चालू करो। दोनों उस समय बाहर थे, इसलिए उनकी जान बच गई। अगर फायर ब्रिगेड ने लापरवाही नहीं की होती तो शायद परिवार के बाकी लोग भी बच जाते।"
उन्होंने कहा कि दमकल की गाड़ी से करीब आधे घंटे तक पानी डाला गया, इसके बाद टैंक खाली हो गया। उसका पाइप भी फटा हुआ था। पुलिस ने भी कुछ नहीं किया।
परिवार के लोगों की जान बचाई जा सकती थी। फायर ब्रिगेड के पाइप जगह-जगह से फटे हुए थे। इस वजह से पानी तेज प्रेशर से नहीं निकल रहा था।

कलेक्टर ने गलती मानी, CMO बोले- ये अफवाह
कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा, “घटना के कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा। दमकल का पाइप फटा होने की जांच के लिए टीम बना रहे हैं। इसके अलावा भी अगर कोई कमी सामने आती है, तो उसे ठीक किया जाएगा। सभी फायरमैन को बेहतर ट्रेनिंग देने के लिए नागपुर के फायर इंस्टीट्यूट भेजा जाएगा।”
वहीं, CMO आशीष मरावी ने इसके उलट कहा, “फायर ब्रिगेड पूरी तरह दुरुस्त थी। पाइप फटा होने की बात अफवाह है। हमारी फायर ब्रिगेड सही समय पर मौके पर पहुंच गई थी।”
एक साथ उठी अर्थियां, बच्चों के शव दफनाए
सभी शवों का पोस्टमॉर्टम बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। परिवार के 6 सदस्यों की अर्थियां एक साथ निकलीं तो मौके पर मौजूद लोगों के चेहरे गमगीन हो गए। पूरन, चंद्रकला और पूनम का चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। वहीं, तीनों बच्चों के शव दफनाए गए।
मध्य प्रदेश में दीपावली की रात 3 परिवारों के लिए मातम लेकर आई। कटनी के बरही और सिवनी के छपारा में मकानों में लगी आग में जलने से 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 5 महिलाएं, 4 पुरुष और 4 बच्चे हैं। बरही में तीन मंजिला मकान में लगी आग से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। इनमें 2 महीने का मासूम, दो बच्चियां, उनकी मां और दादा-दादी शामिल हैं।