भोपाल के हनुमानगंज थाना पुलिस ने काजू व्यापारी की दुकान से 3 लाख 78 हजार रुपए चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पेशे से हम्माल है। उसने पास की निर्माणाधीन बिल्डिंग के रास्ते दुकान की तीसरी मंजिल तक पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया था।

खास बात यह है कि आरोपी ने दुकान का ताला तक नहीं तोड़ा और काउंटर में रखी पूरी नकदी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली है।

पुलिस के मुताबिक, पुष्पानगर ऐशबाग निवासी रोहतास चौहान (42) की हनुमानगंज क्षेत्र में मां नर्मदा ट्रेडर्स के नाम से काजू की दुकान है। 25 अक्टूबर को उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि दुकान से 3.78 लाख रुपए नकद गायब हैं।

दुकान का ताला सुरक्षित था और टूटने के निशान भी नहीं मिले थे। शुरुआत में पुलिस को घटनास्थल पर चोरी के स्पष्ट संकेत नहीं मिले, लेकिन व्यापारी के शिकायत पर कायम रहने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

निर्माणाधीन बिल्डिंग से मिला सुराग

पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद दुकान के पास स्थित निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम करने वाले मजदूरों और वहां आने-जाने वाले हम्मालों पर संदेह हुआ।

पुलिस ने हम्मालों की सूची तैयार कर उनके मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया। इस दौरान एक हम्माल का मोबाइल लगातार बंद मिला। उसके भोपाल से बाहर होने की जानकारी मिलने पर पुलिस का शक गहरा गया।

सिरोंज से भागा, भोपाल में पकड़ाया

पुलिस टीम आरोपी की तलाश में सिरोंज स्थित उसके घर पहुंची, लेकिन वह नहीं मिला। बाद में उसके घर लौटने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की, मगर वह वहां से भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने भोपाल में उसके ठिकानों की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की पहचान मोहम्मद उमर पिता चुन्नी (40), निवासी टोरी मोहल्ला, सिरोंज, जिला विदिशा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के पूरे 3 लाख 78 हजार रुपए बरामद कर लिए हैं।