मुंबई में फायरिंग की घटना के बाद एक्टर टाइगर श्रॉफ की तस्वीरें सामने आई हैं। उनकी बांह और सीने पर पट्टियां बंधी दिख रही हैं। 3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
टाइगर की कार पर रविवार शाम जुहू इलाके में 5 राउंड फायरिंग करने वाले आरोपियों की भी तस्वीर सामने आ गई है। इसमें दो युवक सफेद शर्ट पहने दिख रहे हैं। एक ने काली कैप पहन रखी है। हालांकि, यह तस्वीर कहां और कब की है, ये अभी स्पष्ट नहीं है।
वारदात में इस्तेमाल बाइक भी मिल गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी फायरिंग के बाद अपनी बाइक अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के बाहर छोड़कर भाग गए। लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने फायरिंग की जिम्मेदारी ली है।
एक्टर के ड्राइवर फिरदौस को गोली लगी है। उमेश चव्हाण नाम का एक शख्स भी घायल हुआ है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। देर रात टाइगर से मिलने पहुंचे डिप्टी सीएम शिंदे ने बताया कि एक्टर के हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई है।
टाइगर श्रॉफ की कार पर 2 लोगों ने हमला किया, जबकि तीसरा शख्स बाइक चला रहा था। हमलावरों की बाइक की तस्वीर सामने आई है, आरोपी इसे अंधेरी स्टेशन में खड़ा कर फरार हो गए हैं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर कहा, “यह बेहद गंभीर और निंदनीय मामला है। मुंबई पुलिस ने इसे पूरी गंभीरता से लिया है। पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर फिलहाल जांच की जा रही है। कुछ खास लोगों की पहचान भी कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।"
"इसके अलावा, पर्दे के पीछे रहकर निर्देश देने वाले और छिपे हुए मास्टरमाइंड तक भी हम पहुंचेंगे। ये आरोपी महाराष्ट्र के बाहर, यहां तक कि देश के बाहर से भी अपनी गतिविधियां चला रहे हैं। मैं फिर दोहराना चाहता हूं कि ये कायर लोग हैं। ये छिपकर वार करने की कोशिश करते हैं, लेकिन इनके मंसूबों को नाकाम कर दिया जाएगा।”
मुंबई पुलिस के मुताबिक, टाइगर पर हमले के दौरान फायरिंग में घायल हुए उनके फैन उमेश चव्हाण गंभीर रूप से घायल है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए कूपर अस्पताल से KEM अस्पताल शिफ्ट किया गया है।
टाइगर श्रॉफ की BMW कार को जांच के लिए जब्त कर सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में रखा गया है।
1. टाइगर की कार जुहू के पुष्पा पार्क पहुंची
रविवार शाम 7 बजे टाइगर की कार जुहू के पुष्पा पार्क पहुंचती है। कार में टाइगर फ्रंट सीट पर बैठे थे और ड्राइवर गाड़ी चला रहा था। इसी दौरान वहां शूटर्स ने फायरिंग शुरू कर दी।
2. टाइगर की कार पर 5 राउंड फायरिंग
शूटर्स ने टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाकर 5 राउंड फायरिंग की। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
3. ड्राइवर को गोली लगी, वह गाड़ी से बाहर निकला
फायरिंग के दौरान टाइगर का ड्राइवर गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद वह गाड़ी से बाहर निकल आया। ड्राइवर के घायल होने के बाद गाड़ी चलाने की जिम्मेदारी टाइगर ने खुद संभाली।
4. फ्रंट सीट से ड्राइविंग सीट पर आए टाइगर
ड्राइवर के गाड़ी से बाहर निकलने के बाद टाइगर श्रॉफ फ्रंट सीट से ड्राइविंग सीट पर आ गए। उन्होंने खुद गाड़ी का स्टेयरिंग संभाला।
5. एक्टर खुद कार चलाकर अस्पताल गए
एक्टर घायल ड्राइवर को भी कार में लेकर खुद गाड़ी चलाते हुए अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने ड्राइवर को भर्ती कराया और अपने हाथ की ड्रेसिंग भी करवाई।
एक्टर करणवीर मेहरा बोले- मैंने वहां खून के धब्बे देखे
हमले से पहले टाइगर श्रॉफ एक मैच का हिस्सा बने थे। इस दौरान अपारशक्ति खुराना, अभिमन्यु दसानाी, अभिषेक बजाज और करणवीर मेहरा भी साथ थे। कुछ देर बाद टाइगर कुछ फैंस के साथ सेल्फी क्लिक करवाने के बाद मैदान से निकले।
करणवीर मेहरा की कार, टाइगर की कार से ठीक पीछे थी। करणवीर ने एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में घटना पर कहा, ‘मेरी कार पीछे थी। जब हम वहां पहुंचे, तो खून के धब्बे थे, तभी पता चला कि टाइगर को गोली लगी है। खुशी है वह सुरक्षित हैं। घटनास्थल पर कुछ बच्चे बर्थडे पार्टी मना रहे थे, सब इधर-उधर भागने लगे। मेरी कार थोड़ा पीछे थी। लोग तस्वीरें ले रहे थे। हमने गोलियों की आवाज सुनी और लोगों को चिल्लाते सुना। हमें पहले लगा कि आतिशबाजी हो रही है। हमने ही पुलिस बुलाई, तब तक टाइगर ड्राइवर के साथ वहां से जा चुके थे।’
टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर का बयान लिया गया
फायरिंग के समय टाइगर के साथ मौजूद ड्राइवर का बयान दर्ज किया गया है। हमले में उन्हें दाहिने हाथ में गोली लगी है। देर रात फिरदौस की मां उनसे मिलने अस्पताल पहुंची थीं। इस मामले की जांच मुंबई पुलिस और मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। पुलिस ने जांच के लिए 15 टीम बनाई हैं।
टाइगर श्रॉफ पर हमला होने के बाद सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई है। टाइगर पर हुए हमले की जिम्मेदारी लेते हुए लॉरेंस गैंग ने कहा है कि जो भी सलमान के साथ काम करेगा, उसे अंजाम भुगतना होगा। 14 अप्रैल 2024 को हमला हो चुका है।
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग से पहले रेकी का शक
पुलिस को शक है कि हमलावरों ने फायरिंग से पहले टाइगर श्रॉफ की रेकी की थी। एक्टर हर रविवार करीब दो घंटे फुटबॉल खेलने के लिए पुष्पा नरसी पार्क आते हैं। पुलिस को आशंका है कि हमलावरों को उनके इस रूटीन की जानकारी थी और वे पार्क के गेट के बाहर उनका इंतजार कर रहे थे।
रविवार को जब टाइगर फुटबॉल खेलकर लौट रहे थे, तभी उनकी कार जुहू के पुष्पा नरसी पार्क के पास रुकी। उन्हें देखने के लिए वहां भीड़ जमा थी। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन लोग पहुंचे और टाइगर की कार पर 5 राउंड फायरिंग की। घटना जुहू पुलिस स्टेशन से महज 350 मीटर दूर हुई।
फायरिंग के बाद बाइक अंधेरी स्टेशन पर छोड़कर भागे हमलावर
मुंबई पुलिस के मुताबिक, फायरिंग में शामिल तीन आरोपी वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक अंधेरी रेलवे स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है और उसके रजिस्ट्रेशन व चेसिस नंबर की जांच कर रही है।
आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाने के लिए CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जुहू पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है।
शिंदे बोले- किसी भी गैंग की धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि टाइगर का किसी से कोई विवाद या झगड़ा नहीं था। इसके बावजूद एक युवा अभिनेता पर इस तरह जानलेवा हमला हुआ। टाइगर और उनकी मां घटना से काफी घबराए हुए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार टाइगर और अन्य सार्वजनिक हस्तियों के साथ खड़ी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिंदे ने कहा कि मुंबई पुलिस ऐसी घटनाओं और गैंगवार पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई करेगी।