मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को छतरपुर जिले के दौरे पर पहुंचे। वे लवकुशनगर तहसील के सिजई आश्रम गौशाला में आयोजित कन्या विवाह महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान खजुराहो एयरपोर्ट और सिजई हेलीपेड पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर पारंपरिक बुंदेली अंदाज में मुख्यमंत्री की अगवानी की।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सबसे पहले खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचे। यहां विधायक अरविंद पटेरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे सिजई हेलीपेड पहुंचे, जहां वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने उनकी अगवानी की
इस अवसर पर विधायक कामाख्या प्रताप सिंह, महिला आयोग अध्यक्ष रेखा यादव, कलेक्टर मृणाल मीना सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। सिजई हेलीपेड पर महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर बुंदेली परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री सिजई आश्रम गौशाला में आयोजित कन्या विवाह महोत्सव में पहुंचे। यहां उन्होंने विवाह समारोह में शामिल नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से थामा स्वामी परमानंद गिरी महाराज का हाथ, साथ लेकर पहुंचे कार्यक्रम स्थल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को छतरपुर जिले के प्रवास के दौरान लवकुशनगर के ग्राम सिजई स्थित स्वामी परमानंद गौधाम गौशाला पहुंचे। यहां उन्होंने श्री श्री 108 स्वामी परमानंद गिरी महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने महाराज के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा और आत्मीयता व्यक्त की। उन्होंने स्नेहपूर्वक स्वामी परमानंद गिरी महाराज का हाथ थामा और उन्हें साथ लेकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। मुख्यमंत्री का यह आत्मीय भाव वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा और सराहना का विषय रहा। महाराज से भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने उनका आध्यात्मिक मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त होना अपना सौभाग्य बताया तथा श्रद्धा भाव से उनका अभिवादन किया।