भोपाल। राजा भोज एयरपोर्ट स्थित एटीसी भवन से बुधवार को शाम 4.25 बजे सूचना प्रसारित हुई कि एक विमान हाईजैक कर लिया गया है, सभी अलर्ट हो जाएं। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ का अमला तत्काल रनवे पर पहुंचा और विमान को चारों तरफ से घेर लिया। कुछ समय के लिए एयरपोर्ट को खाली करा दिया गया।
यह सूचना वास्तव में माकड्रिल का हिस्सा थी] लेकिन सूचना को सही मानते हुए कुछ समय के लिए एयरपोर्ट पर अफरा तफरी मच गई। हालांकि उस समय अप्रैन पर कोई भी नियमित उड़ान नहीं थी। रिहर्सल करने के लिए एक माडल विमान रखा गया था। एयरपोर्ट अथारिटी और सुरक्षा एजेंसियां मिलकर साल में एक बार एंटी हाईजैक माकड्रिल करती है। ताकि सुरक्षा का स्तर और सुरक्षा दस्ते की दक्षता का पता लगाया जा सके। योजना के अनुसार सूचना प्रसारित होते ही नगर निगम, पुलिस, प्रशासन, इंटेलीजेंस ब्यूरो, डीजीसीए, सेना एवं ब्यूरो आफ सिविल एविएशन सिक्युरिटी को मामले की जानकारी दी गई।
बैठक में सुरक्षा की समीक्षा हुई
माकड्रिल के तहत सुरक्षा दस्ते ने आतंकवादियों को बातों में उलझाकर उन्हें अपनी गिरफ्त में लेने का अभ्यास किया। सीआइएसएफ के जवानों ने आधुनिक हथियारों के साथ रन-वे की पेट्रोलिंग की। माकड्रिल के बाद एयरपोर्ट सिक्युरिटी ग्रुप की बैठक हुई। बैठक में विमानतल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी, विमानतल सुरक्षा प्रभारी मानसिंह के अलावा गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, एयरलाइंस एवं ब्यूरो आफ सिविल एविएशन सिक्युरिटी के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में एयरपोर्ट की सुरक्षा पर संतोष प्रकट किया गया।