भगवान बलभद्र की मूर्ति गुंडीचा मंदिर में सेवादारों पर गिरी:तालध्वज रथ से उतारते समय हादसा

Updated on 10-07-2024 12:44 PM

पुरी के गुंडीचा मंदिर में मंगलवार रात 9 बजे एक हादसा हो गया, जिसमें भगवान बलभद्र की मूर्ति सेवादारों पर गिर गई। इसमें 9 सेवादार घायल हो गए।

दरअसल 8 जुलाई को रथयात्रा के आयोजन के बाद, गुंडीचा मंदिर में पहांडी विधि चल रही थी। सेवादार रथों पर से भगवान की मूर्तियां उतारकर मंदिर के अंदर ले जा रहे थे।

बलभद्र जी को उतारते समय सेवादार रथ के ढलान पर फिसल गए और मूर्ति उन पर गिर गई। इसमें 9 सेवादार घायल हो गए। 5 का इलाज अस्पताल में चल रहा है। मूर्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ है।

2 सेवादारों को इलाज के बाद छुट्‌टी मिली
एक घायल सेवक ने कहा कि मूर्ति से बंधी रस्सी जैसी सामग्री में कुछ समस्या के कारण यह दुर्घटना हुई। अस्पताल में भर्ती कराए गए दो लोगों को बाद में छुट्टी दे दी गई और वे अनुष्ठान में शामिल हो गए। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घटना पर चिंता जताई और घायल सेवकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

उन्होंने कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन को तत्काल पुरी जाकर उचित कदम उठाने का निर्देश दिया। उपमुख्यमंत्री प्रावती परिदा भी पुरी गईं। उन्होंने कहा कि हम आगे की कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री को रिपोर्ट करेंगे।

रथ खींचने के दौरान हुई थी एक की मौत
पुरी में 7 जुलाई को रथयात्रा के दौरान भगवान बलभद्र के तालध्वज रथ को खींचने के दौरान दम घुटने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा 130 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इनमें कुछ पुलिसकर्मी भी थे।

पिछले साल 20 जून को पुरी में भगवान बलभद्र के तालध्वज रथ को खींचने के दौरान ही करीब 14 लोग घायल हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि एक महिला श्रद्धालु भीड़ में चलते समय गिर गई, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।

15 जुलाई को श्रीमंदिर में लौटेंगे भगवान
हादसे के तुरंत बाद भाई-बहन भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भगवान बलभद्र की पूजा-अर्चना फिर से शुरू हो गई तथा सभी मूर्तियों को गुंडीचा मंदिर के अंदर ले जाया गया, जिसे उनका जन्मस्थान माना जाता है। भगवान यहां 15 जुलाई तक रहेंगे। उसी दिन बहुड़ा जात्रा या वापसी उत्सव होगा। इसी दिन तीनों मूर्तियां श्रीमंदिर में वापस आ जाएंगी।

गुंडीचा मंदिर के आसपास बदल जाता है माहौल
गुंडीचा मंदिर पुरी के जगन्नाथ मंदिर से महज 3 किमी दूर है। महाप्रभु हर साल जब भी यहां पहुंचते हैं, उसके एक महीने पहले से गुंडीचा मंदिर के 500 मी. के दायरे में हरेक घर में भगवान के आगमन की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। लोग शुद्ध, सात्विक हो जाते हैं। नॉनवेज खाना छोड़ देते हैं। रथ यात्रा के सात दिन घर का हरेक सदस्य नए कपड़े पहनता है और महाप्रभु के पूजन के बाद मिलने वाले अभड़ा प्रसाद को खाकर ही दिन की शुरुआत करता है।

इस साल रथ यात्रा दो दिन क्यों?
जगन्नाथ मंदिर के पंचांगकर्ता डॉ. ज्योति प्रसाद के मुताबिक, हर साल जगन्नाथ रथ यात्रा एक दिन की होती है, लेकिन 2024 में दो दिन की है। इससे पहले 1971 में यह यात्रा दो दिन की थी। तिथियां घटने की वजह से ऐसा हुआ।

दरअसल, हर साल ज्येष्ठ महीने की पूर्णिमा पर भगवान जगन्नाथ को स्नान करवाया जाता है। इसके बाद वे बीमार हो जाते हैं और आषाढ़ कृष्ण पक्ष के 15 दिनों तक बीमार रहते हैं, इस दौरान वे दर्शन नहीं देते।

16वें दिन भगवान का श्रृंगार किया जाता है और नवयौवन के दर्शन होते हैं। इसके बाद आषाढ़ शुक्ल द्वितीया से रथ यात्रा शुरू होती है।

इस साल तिथियां घटने से आषाढ़ कृष्ण पक्ष में 15 नहीं, 13 ही दिन थे। इस वजह से भगवान के ठीक होने का 16वां दिन द्वितीया पर था। इसी तिथि पर रथ यात्रा भी निकाली जाती है।

7 जुलाई को भगवान के ठीक होने के बाद की पूजन विधियां दिनभर चलीं। इसी दिन रथ यात्रा निकलना जरूरी था। इस वजह से 7 जुलाई की शाम को ही रथ यात्रा शुरू की गई। यात्रा सूर्यास्त तक ही निकाली जाती है। इसलिए रविवार को रथ सिर्फ 5 मीटर ही खींचा गया था।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 11 March 2026
गाजियाबाद: करीब दो वर्षों से चल रहे गाजियाबाद के हाउस टैक्स विवाद का आखिरकार पटाक्षेप हो गया है। 10 मार्च को शासन ने नगर निगम द्वारा लागू की गई बढ़ी हुई…
 11 March 2026
मऊ: उत्तर प्रदेश के जनपद मऊ में शाहगंज रेलखंड पर प्रस्तावित अंडरपास को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। घोसी सांसद राजीव राय और प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एके…
 11 March 2026
मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से शादी के दौरान बवाल का मामला सामने आया है। घटना खतौली थाना क्षेत्र का है। दरअसल, इलाके के एक गांव में शादी वाले घर पर…
 11 March 2026
जयपुर: राजस्थान में एलपीजी गैस की सप्लाई में कटौती के साथ ही कालाबाजारी की शिकायतें सामने आने लगी हैं। घरेलू इस्तेमाल वाले 14.5 किलो के सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं से 600…
 11 March 2026
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश में शिक्षामित्रों की सेवा नियमित करने के मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट का बड़ा फैसला आया है। पिछले दिनों यूपी विधानसभा में सीएम योगी आदित्यनाथ ने शिक्षामित्रों के…
 11 March 2026
पटना: बिहार की राजनीति में अक्सर 'परिवारवाद' के जरिए नेताओं के बेटों को सत्ता के शिखर पर बैठाने की परंपरा रही है, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत इस बार…
 11 March 2026
नई दिल्ली, सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को इच्छामृत्यु (पैसिव यूथेनेशिया) मामले में एक ऐतिहासिक फैसला सुनाया। कोर्ट ने 13 साल से कोमा में रह रहे 31 साल के युवक हरीश राणा…
 09 March 2026
लखनऊ: यूपी के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ पांच मार्च को कानपुर के दौरे पर थे। वह वहां जिस हेलिकॉप्‍टर से गए थे, वह चर्चा का विषय बन चुका है। दरअसल, यूपी सरकार…
 09 March 2026
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों का दुस्साहस थमने का नाम नहीं ले रहा है। रामपुर हरि थाना क्षेत्र के कोयली भराव गांव में बीती रात पोल्ट्री फार्म व्यवसायी रणधीर कुमार की…
Advt.