बाजार खुलते ही 3,000 से गिरी चांदी, सोना भी फिसला
Updated on
20-05-2026 01:26 PM
नई दिल्ली: सोने और चांदी की कीमत में आज फिर गिरावट आई है। एमसीएक्स पर शुरुआती कारोबार में सोना 1,100 रुपये से ज्यादा सस्ता हुआ है जबकि चांदी में 3,000 रुपये से अधिक गिरावट आई है। पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद बढ़ी है लेकिन यूएस यील्ड और डॉलर के मजबूत होने से सोने और चांदी पर दबाव बढ़ा है।सोने-चांदी की कीमत में मंगलवार को बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला। मल्टी-कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दिन में जहां दोनों धातुओं की कीमत स्थिर दिखाई दी तो वहीं रात को कीमतें धड़ाम हो गईं। सर्राफा बाजार में भी चांदी टूट गई, लेकिन सोने में उछाल आया। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के डेटा के मुताबिक मंगलवार शाम को सोने और चांदी की कीमत में मिला-जुला असर देखा गया।राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 800 रुपये बढ़कर 1.63 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गईं। स्थानीय सर्राफा बाजार के जानकारों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत सोमवार के बंद स्तर 1,62,800 रुपये प्रति 10 ग्राम से 800 रुपये बढ़कर 1,63,600 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) हो गई। हालांकि, कमजोर औद्योगिक मांग और वैश्विक बाजार में सुस्त रुख के कारण चांदी की कीमतें 5,000 रुपये घटकर 2,71,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रह गईं।