
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ में ऊर्जा क्रांति का प्रतीक बनकर उभर रही है। इस महत्वाकांक्षी योजना को अब केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्य सरकार का भी प्रत्यक्ष सहयोग मिल रहा है। राज्य सरकार की ओर से दी जा रही अतिरिक्त सहायता से उपभोक्ताओं को डबल सब्सिडी का लाभ मिल रहा है, जिससे घरों की छतों पर सौर पैनल लगवाना अब और भी आसान और किफायती हो गया है। ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी है बेमेतरा जिले के रेस्ट हाउस रोड निवासी श्री संजय तिवारी की।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, जिसे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में लागू किया जा रहा है और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल से तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, के अंतर्गत उन्होंने अपने मकान की छत पर 5 केवीए का सोलर रूफटॉप सिस्टम लगवाकर स्वयं बिजली उत्पादक बनने का मार्ग प्रशस्त किया है।
श्री तिवारी बताते हैं कि पहले हर महीने उनका बिजली बिल औसत 1200 से 1300 रुपए आता था। लेकिन सोलर सिस्टम लगने के बाद अब उनका बिजली बिल लगभग शून्य (कभी-कभी सिर्फ 80 से 100 रुपए) रह गया है। इतना ही नहीं, उन्हें योजना के अंतर्गत मिलने वाली केंद्र सरकार की 78,000 रुपए की सब्सिडी सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त हो गई है।
बैंक से मिली त्वरित फाइनेंस सुविधा :
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने में उन्हें किसी तरह की आर्थिक परेशानी न हो, इसके लिए ग्रामीण बैंक से तुरंत फाइनेंस की सुविधा मिल गई। बैंक की मदद से केवल 5 दिनों में पूरा सोलर सिस्टम स्थापित हो गया। उनका कहना है कि सब्सिडी मिलने के कारण यह निवेश मात्र दो वर्ष में ही पूरी तरह वसूल हो जाएगा, जिसके बाद वे न सिर्फ मुफ्त में बिजली का उपयोग करेंगे बल्कि अतिरिक्त आय भी अर्जित कर सकेंगे।
केंद्र और राज्य सरकार से डबल लाभ :
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की सरकार इस योजना में सब्सिडी उपलब्ध करा रही है, वहीं छत्तीसगढ़ शासन मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में 30,000 रुपए की अतिरिक्त सब्सिडी भी प्रदान कर रहा है। इससे उपभोक्ताओं को और अधिक राहत मिल रही है। श्री तिवारी ने कहा कि यह योजना आम जनता के लिए बचत, सहूलियत और भविष्य की सुरक्षा लेकर आई है।
आम जनता से अपील :
श्री तिवारी ने कहा - पहले अक्सर बिजली कट जाती थी। दिन-रात कभी भी लाइट चली जाती थी जिससे गुस्सा आता था, नींद में खलल पड़ती थी, बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। लेकिन अब सोलर पैनल लगने के बाद बिजली आने-जाने की झंझट ही खत्म हो गई है। बच्चे रात में बिना रुकावट के पढ़ाई करते हैं और हम सब सुकून से रहते हैं।इस योजना ने उनके परिवार को न केवल सहज और सस्ती बिजली दी है, बल्कि आत्मनिर्भर बनने का एहसास भी कराया है। पहले जहाँ मासिक बिजली बिल एक बड़ा खर्च होता था, अब वहीं सौर ऊर्जा से हर माह की बचत शुरू हो गई है।आज हम केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि बिजली उत्पादक भी बन सकते हैं। प्राकृतिक संसाधनों का सही उपयोग कर हम अपने बिजली खर्च को लगभग खत्म कर सकते हैं, अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं और साथ ही पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखने में योगदान दे सकते हैं।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बेमेतरा सहित पूरे प्रदेश के लोगों से पीएम सूर्य घर योजना का लाभ उठाने की अपील की।