झारखंड सरकार के मंत्री का PS और उसका नौकर गिरफ्तार:घर से मिले 35 करोड़ कैश

Updated on 07-05-2024 12:58 PM

झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास विभाग मंत्री आलमगीर आलम के पीएस संजीव लाल के घर समेत 6 जगहों पर रविवार सुबह शुरू हुई ईडी की रेड सोमवार देर रात तक चली। दिनभर की जांच के बाद ED ने कुल 35.23 करोड़ रुपए कैश और ट्रांसफर-पोस्टिंग के पेपर बरामद किए हैं। आलमगीर आलम के निजी सचिव संजीव लाल के नौकर जहांगीर आलम के फ्लैट से 31.20 करोड़ और बिल्डर मुन्ना सिंह के यहां से 2.93 करोड़ रुपए बरामद किए गए।

बरामदगी के बाद संजीव लाल और नौकर जहांगीर आलम से देर रात तक पूछताछ की गई। इसके बाद दोनों को देर रात ही प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। संभावना है कि आज दोनों को ED की स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा।

सुबह 6.30 बजे से शुरू हुई कार्रवाई

ED ने सोमवार की सुबह तकरीबन 6.30 बजे अधिकारियों ने एक साथ नौ जगहों पर छापेमारी करने पहुंची। जिसमें चंपई सरकार में मंत्री आलमगीर आलम के पीएस संजीव लाल, संजीव लाल के नौकर जहांगीर आलम, बिल्डर मुन्ना सिंह, इंजीनियर कुलदीप सिंह, इंजीनियर विकास कुमार सहित कई लोग शामिल हैं।

टीम ने संजीव लाल के नौकर जहांगीर आलम ने हरमू रोड स्थित सर सैयद रेसिडेंसी के ब्लॉक बी के फ्लैट नंबर 1A पहुंची। यहां से जांच की शुरुआत की। टीम को यहीं सबसे अधिक कैश मिले। वहीं दूसरा कैस बिल्डर मुन्ना सिंह ने पीपी कंपाउंड स्थित आवास में मिला। इसके अतिरिक्त अन्य जगहों से केवल कई तरह के दस्तावेज मिले हैं। छापेमारी रात के लगभग 11.30 बजे तक चली।

एडिशनल ज्वाइंट डायरेक्टर पहुंचे रांची

कैस बरामदगी की सूचना के बाद देर शाम ED के एडिशनल जॉइंट डायरेक्टर कपिल राज रांची पहुंचे। वे दिल्ली से रांची आए। इसके बाद उन्होंने जहांगीर के फ्लैट पहुंच कर विभाग के अधिकारियों से पैसे की बरामदगी की जानकारी ली। जहांगीर के अलावा मंत्री के पीएस संजीव लाल, बिल्डर मुन्ना सिंह सहित अन्य के ठिकाने पर भी उन्होंने दौरा किया।

देर रात तक चली नोटों की गिनती

टीम ने संजीव लाल के नौकर जहांगीर आलम के फ्लैट से बरामद रुपए की गिनती देर रात की है। ED के अधिकारियों ने जब जहांगीर के हरमू रोड के सईद रेसिडेंसी के ब्लॉक बी स्थित फ्लैट नंबर 1A की तलाशी ली तो अचंभित रह गए।

वहां दो कमरों में मौजूद अलमीरा और दीवान में झोले में भर-भरकर 500-500 रुपए के नोटों के बंडल रखे हुए थे। इसे इकट्‌ठा किया तो वहां नोटों का पहाड़ बन गया। पीएनबी से नोट गिनने की तीन मशीन मंगाई गई, जिससे दोपहर तीन बजे तक गिनती हुई।

इसके बाद दो और मशीन मंगाई गई। देर रात तक गिनती चली। इसके अतिरिक्त जमीन और ट्रांसफर-पोस्टिंग से जुड़े कागजात भी मिले हैं।

ऐसे तैयार हुआ छापेमारी का ग्राउंड

सोमवार को हुई छापेमारी के पीछे का तार ग्रामीण विकास विभाग के चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम से जुड़ा हुआ है। वीरेंद्र राम को टेंडर घोटाले में पिछले साल 23 फरवरी को ED ने गिरफ्तार किया था। वह अभी जेल में है।

जांच एजेंसी ने खुलासा किया था कि वीरेंद्र ने टेंडर कमीशन के माध्यम से करीब 125 करोड़ की संपत्ति अर्जित की है। बाद में उसके पांच सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया गया था और उसकी संपत्ति जब्त कर ली गई थी।

यहीं से तार जोड़ते हुए EDटीम ने छापेमारी की और करोड़ों रुपए बरामद किए हैं।

छापेमारी के बीच निकली कई कहानियां

कहानी नंबर एक : बेहोश होने लगे संजीव लाल

ED ने जब संजीव कुमार लाल के सरकारी आवास पर छापेमारी की तो वहां जहांगीर नहीं मिला। जांच एजेंसी को वहां इस फ्लैट की जानकारी मिली। फिर चाबी लेकर टीम वहां पहुंची, जहां जहांगीर मौजूद था। जब संजीव को पता चला कि जहांगीर के आवास से रुपयों की बरामदगी हो गई है तो वे बार-बार बेहोश होने लगे। जहांगीर उनके सरकारी आवास पर ही रहता था और वही फ्लैट की भी देखभाल करता था।

कहानी नंबर दो : जहांगीर दिखाने लगा टीम को रुपए

ED की टीम जब जहांगीर आलम के फ्लैट पर पहुंची तो वह खुद अलमीरा खोलकर बताने लगा कि पैसे कहां-कहां रखे हुए हैं। फ्लैट में दो अलमीरा और एक दीवान था। इसमें झोला, पॉलीथिन, बैग और कागज में लपेटकर नोटों के बंडल रखे हुए थे। यह फ्लैट तीन माह पहले ही जहांगीर के नाम पर लिया गया था, लेकिन वहां कोई रहता नहीं था। जहांगीर ने टीम को बताया कि ये सारे रुपए संजीव लाल के हैं।

कहानी नंबर तीन : ट्रांसफर के लिए राजेश ठाकुर के नाम की पैरवी

छापेमारी के दौरान फ्लैट से कई डॉक्यूमेंट मिले। ये ट्रांसफर-पोस्टिंग से जुड़े हैं। आवास से मिले दस्तावेज में ट्रांसफर पोस्टिंग कराने को लेकर झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नाम का भी जिक्र है। ED को जो लिस्ट मिला उसमें 23 जून 2023 का तारीख लिखा है। इसमें लिखा है कि बीडीओ शालिनी खलखो कटकमदाग इन्हें हटाकर हजारीबाग से दूर कहीं भेजा जाए।

इसके नीचे में श्री राजेश ठाकुर पीसीसी लिखा है। ट्रांसफर पोस्टिंग लिस्ट में महेश्वरी प्रसाद यादव बीडीओ पोडैयाहाट जिला गोड्डा को यथावत रखना है। एजाज आलम 585/20 पूर्णिया, कार्यपालक दंडाधिकारी गोड्डा का सेवा ग्रामीण विकास विभाग को प्राप्त, बीडीओ सरैयाहाट जिला दुमका के पद पर करना है।

फुलेश्वर मुर्मू सेकंड बैच बीडीओ जरमुंडी ( तीन अगस्त 2020 से)अपेक्षा बीडीओ गोड्डा सदर जिला गोड्डा, गृह जिला देवघर करना है। बीडीओ देवीपुर जिला देवघर के पद पर किसी ओबीसी, एसटी, एससी को करना है, जैसे शब्द लिखे हैं।

छापेमारी के किरदारों को जानिए

संजीव लाल : संजीव लाल सरकारर सेवा के अधिकारी हैं। वे बीते चार साल से मंत्री आलमगीर आलम के पीए हैं। संजीव रांची जिले के डीटीओ भी रह चुके हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने भाजपा सरकार में मंत्री रहे सीपी सिंह के भी पीएस रह चुके हैं। संजीव लाल का रसूख ऐसा रहा है कि सरकार किसी भी पार्टी की रही हो वे हमेशा क्रीम वाले पोस्ट भी रहे हैं।

मुन्ना सिंह : मुन्ना सिंह पेशे से बिल्डर हैं। वह मूल रूप से बिहार के बक्सर का रहने वाले हैं। कई सालों से मोराबादी की कुसुम बिहार में रह रहा है। पीपी कंपाउंड में भी उसका फ्लैट है। पिछले कुछ वर्षों से वह अचानक अकूत संपत्ति का मालिक बन गया।

उसके पास रेंज रोवर सहित कई महंगी गाड़ियां हैं। इससे पहले वह गीतांजलि रियल एस्टेट में पार्टनर था। हाल ही में उसने समृद्धि प्रॉपर्टी व होमली लैंडबैंक के नाम से कंपनी शुरू की है। इसकी एक अन्य कंपनी तेजस्विनी रियल स्टेट में संजीव लाल की पत्नी भी निदेशक हैं।

जहांगीर आलम : जहांगीर के बारे बताया जाता है कि वह मंत्री आलमगीर आलम के बेटे तनवीर आलम के ससुराल का रहने वाला है। तनवीर दिल्ली से लौट कर रांची में मिनरल वाटर प्लांट खोला था। जहांगीर इसी प्लांट से जुड़ा। जब आलमगीर आलम मंत्री बने तब जहांगीर को गैरसरकारी सहायक बना कर मंत्री आवास पर भेज दिया गया। बाद में उसे मंत्री के पीए संजीव लाल के साथ जुड़ कर काम करने को कहा गया।



अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 25 April 2026
पटनाः बिहार में मंत्रियों और अधिकारियों के बच्चे सरकारी स्कूल में पढ़ेंगे। इसे लेकर राज्य सरकार जल्द ही ठोस कदम उठा सकती है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को विधानसभा में…
 25 April 2026
गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद से बड़ी खबर आई है। कुछ महीने पहले जिस यूट्यूबर सलीम वास्तिक के दफ्तर में घुसकर दो भाइयों ने हमला किया था, उसे दिल्‍ली पुलिस ने शुक्रवार…
 25 April 2026
हैदराबाद : भारत राष्ट्र समिति (BRS) की पूर्व नेता के. कविता ने शनिवार को अपनी नई राजनीतिक पार्टी, तेलंगाना राष्ट्र सेना ( TRS ) लॉन्च की। BRS से अलग होने के…
 25 April 2026
अयोध्या: भीषण गर्मी और बढ़ती श्रद्धालु संख्या के बीच श्री राम मंदिर अयोध्या में दर्शन व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने के लिए ट्रस्ट ने नई एडवाइजरी जारी की है। ऑनलाइन दर्शन…
 25 April 2026
नई दिल्ली: राघव चड्ढा समेत आम आदमी पार्टी के 7 राज्यसभा सांसदों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इन सांसदों का बीजेपी में शामिल होना कोई हैरानी की बात नहीं…
 25 April 2026
नई दिल्ली: जब 2022 में आम आदमी पार्टी ने पंजाब से अपने राज्यसभा उम्मीदवारों की घोषणा की, तो सबका ध्यान लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक अशोक मित्तल या क्रिकेटर हरभजन सिंह…
 24 April 2026
चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी के नेतृत्व के साथ सार्वजनिक मतभेद के कुछ दिनों बाद राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। चड्ढा ने अपने साथी राज्यसभा सांसदों संदीप पाठक…
 24 April 2026
रायबरेली: शिक्षा को लेकर एक कहावत है कि पढ़ने-लिखने और सीखने की कोई उम्र समय सीमा नहीं होती है। कई लोगों ने उम्र के आखिरी पड़ाव में शिक्षा ग्रहण करके प्रमाणपत्र…
 24 April 2026
बड़वानी: आम आदमी पार्टी से विधायक का चुनाव लड़ चुके एक व्यक्ति ने अपने पिता के माथे पर गोली मार थी। परिवार में जमीन और रुपयों के विवाद में उसने अपने…
Advt.