
भोपाल। गांधीनगर थाना क्षेत्र के पतंजलि परिसर में मंगलवार रात एक डॉक्टर ने अपनी पूर्व प्रेमिका और उसके चचेरे भाई पर एयरगन से फायर कर दिया। इसके बाद आरोपी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। दोस्तों की नजर पड़ने पर उसे फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
वहीं, घायल युवती और उसके चचेरे भाई को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद देर रात दोनों को छुट्टी दे दी गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी डॉक्टर नवीन रुहेला और डक्टर श्वेता ठाकुर एक ही कॉलोनी में अलग-अलग मकानों में रहते हैं। दोनों आरकेडीएफ में पीजी कर रहे हैं।
करीब डेढ़ साल तक दोनों लिव-इन रिलेशन में रहे थे। करीब छह महीने पहले उनका अलगाव हो गया था। सोमवार को श्वेता अपने चचेरे भाई आशुतोष ठाकुर के साथ गुजरात स्थित घर से भोपाल लौटी थी। मंगलवार रात करीब 11 बजे नवीन श्वेता के घर पहुंचा। बातचीत के बहाने वह घर के अंदर गया और श्वेता के सिर और उसके चचेरे भाई आशुतोष के सीने और पेट पर फायर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने एयरगन से गोली चलाने की बात कही है। घटना के बाद वह अपने घर पहुंचा और फांसी लगाने का प्रयास किया। इसी दौरान उसके दोस्तों ने उसे देख लिया और अस्पताल पहुंचाया। गांधीनगर थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। दोनों घायलों के बयान लिए जा रहे हैं। आरोपी अस्पताल में भर्ती है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।