
भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की गतिविधियों के बीच गुरुवार को प्रदेश के पांच जिलों में अच्छी वर्षा हुई। जबकि शेष जिलों में हल्की से मध्यम बौछारें पड़ीं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम और पूर्वी उत्तर प्रदेश पर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा बना हुआ है।
इसके साथ ही मानसून द्रोणिका पंजाब और यूपी से होकर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। इस मौसमी तंत्र के असर से अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के ग्वालियर-चंबल संभाग और राज्य के उत्तरी हिस्सों में तेज वर्षा की संभावना जताई गई।
गुरुवार शाम साढ़े पांच बजे तक सतना में सर्वाधिक 18 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा नर्मदापुरम व सीधी में 12 मिलीमीटर, रतलाम में 11 मिलीमीटर और रीवा में 10 मिलीमीटर बारिश हुई। राजधानी भोपाल में दिनभर धूप-छांव के बाद शाम को कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। भोपाल में उमस भरी गर्मी से नागरिक बेहाल हैं और अच्छी वर्षा का इंतजार कर रहे हैं।