HDFC बैंक ने जुलाई से सितंबर तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। बैंक को इस तिमाही में कुल ₹19,510 करोड़ का मुनाफा हुआ है, जो पिछले साल इसी समय के मुकाबले करीब 5% ज्यादा है। उस तिमाही में बैंक को ₹18,641 करोड़ का मुनाफा हुआ था।
बैंक की मुख्य कमाई लोगों को दिए गए कर्ज पर मिलने वाले ब्याज से होती है। इसे NII यानी नेट इंटरेस्ट इनकम कहते हैं। वह बढ़कर ₹34,619 करोड़ पर पहुंच गई है। इसमें पिछले साल के मुकाबले करीब 10% की बढ़त दर्ज की गई है। पिछले साल यह करीब ₹31,550 करोड़ थी।
लोन बांटने और जमा पैसों में डबल-डिजिट ग्रोथ
30 सितंबर 2026 तक बैंक की ओर दिया गया कुल लोन सालाना आधार पर 16.3% बढ़कर ₹32,19,500 करोड़ पर पहुंच गया। इसे बैंक की भाषा में ग्रॉस एडवांसेज कहा जाता है।
वहीं बैंक में जमा कुल पैसा भी 18.8% बढ़कर ₹33,27,400 करोड़ हो गया। ये पैसा दो तरह से आता है। सेविंग और करेंट अकाउंट डिपॉजिट यानी CASA और फिक्स्ड डिपॉजिट।
सेविंग्स और करंट अकाउंट में जमा पैसा 10.8% बढ़ा। बैंक में जमा कुल पैसों में CASA का हिस्सा 31.6% रहा। जबकि फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में 22.8% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
डूबा हुआ पैसा कम हुआ, लोन वसूली तेज
बैंक के ग्राहकों के दिए कर्ज की स्थिति यानी एसेट क्वालिटी भी बेहतर हुई है। यानी लोगों को दिया गया पैसा समय पर वापस लौट रहा है और बैंक का डूबा हुआ पैसा कम हुआ है।
बैंक का वास्तविक फंसा हुआ कर्ज यानी नेट NPA अनुपात घटकर मात्र 0.37% रह गया है, जो इससे ठीक पिछली तिमाही में 0.41% और पिछले साल की समान तिमाही में 0.42% था।
अनुमान के मुताबिक रहा बैंक का प्रदर्शन
बाजार के जानकारों ने अनुमान लगाया था कि इस बार बैंक का मुनाफा करीब ₹19,567 करोड़ और ब्याज से कमाई ₹34,861 करोड़ रह सकती है। बैंक के जो असली आंकड़े सामने आए हैं, वे इन अनुमानों के बेहद करीब हैं। यानी बैंक का काम-काज मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है।
शशिधर जगदीशन बोले- अगली तिमाही में और बढ़ेगा बैंक का मुनाफा
बैंक के MD और CEO शशिधर जगदीशन ने कहा कि बैंक की कुल कमाई अच्छी रही है। खास तौर पर आम लोगों और छोटे कारोबारियों को दिए जाने वाले लोन में बढ़िया तेजी आई है।
इसके अलावा, आने वाले 3 महीनों में बैंक के मुनाफे का मार्जिन और बेहतर होने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को दिया गया पैसा समय पर वापस मिलना और डूबा हुआ कर्ज कम होना हमेशा से बैंक की सबसे बड़ी ताकत रही है, और यह आगे भी बनी रहेगी।
अनूप बागची संभालेंगे MD और CEO की कमान
शशिधर जगदीशन की जगह अब अनूप बागची MD और CEO होंगे। वे इसी महीने 27 अक्टूबर से नई जिम्मेदारी संभालेंगे। जगदीशन ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि अनूप बागची के आने से बैंक को नई सोच और नई दिशा मिलेगी।
डिप्टी एमडी कैजाद भरूचा का इस्तीफा
बैंक के डिप्टी एमडी कैजाद भरूचा ने इस्तीफा दे दिया है। अनूप बागची ने कहा कि 1995 से लेकर अब तक हर दौर में HDFC बैंक की लोन वसूली और लोन की स्थिति को मजबूत बनाए रखने में कैजाद भरूचा और उनकी टीम का बहुत बड़ा रोल रहा है।
HDFC बैंक का शेयर इस साल 26% गिरा
साल 2026 में बैंक का शेयर 26% से ज्यादा गिर चुका है। वहीं आज तिमाही नतीजें जारी होने से पहले शुक्रवार को ये 0.28% की बढ़त के साथ ₹728.85 पर बंद हुआ था।
ब्रोकरेज फर्मों की राय
1. नुवामा: 'खरीदने' की सलाह (टारगेट: ₹950)
नुवामा ने HDFC बैंक का टारगेट ₹950 रखते हुए शेयर खरीदने की सलाह दी है। ब्रोकरेज का मानना है कि लोन में 16% की बढ़त के साथ बैंक के नतीजे उम्मीद के मुताबिक रहे हैं। बैंक की आर्थिक स्थिति मजबूत है, हालांकि आगे की बढ़त नए मैनेजमेंट के फैसलों पर निर्भर करेगी।
2. सिस्टमैटिक्स: 'खरीदने' की सलाह (टारगेट: ₹875)
सिस्टमैटिक्स ने भी शेयर पर ₹875 के टारगेट के साथ बाय रेटिंग कायम रखी है। फर्म का कहना है कि FD बढ़ने के बावजूद बैंक की फंड जुटाने की लागत 4.4% पर स्थिर बनी हुई है।
HDFC बैंक की देश में 9,694 से ज्यादा ब्रांच
HDFC बैंक, बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज प्रोवाइड करता है। बैंक के फाउंडर हसमुखभाई पारेख हैं। उन्होंने इस बैंक को 1994 में स्थापित किया था। इसका हेड क्वार्टर मुंबई में है।
बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) शशिधर जगदीशन हैं। HDFC बैंक की देश में 9,694 से ज्यादा ब्रांच और 20,958 से ज्यादा ATMs हैं।
देश की बड़ी आईटी कंपनियों में से एक विप्रो ने इस साल की जुलाई से सितंबर वाली तिमाही के नतीजे आज 15 अक्टूबर को जारी किए हैं। कंपनी ने इस दौरान ₹24,752.7 करोड़ का रेवेन्यू किया है, जो पिछले साल इसी समय हुए ₹22,697.3 करोड़ के रेवेन्यू से 9.1% ज्यादा है।