
उत्तर बस्तर कांकेर। लोकसभा आम निर्वाचन-2024 के अंतर्गत 04 जून को होने वाली मतगणना के लिए कांकेर लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत ई.व्ही.एम. तथा पोस्टल बैलेट के माइक्रो ऑब्जर्वर, गणना पर्यवेक्षकों एवं गणना सहायकों के प्रथम चरण का प्रशिक्षण आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में दो पालियों में संपन्न हुआ। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिंह ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मतगणना कार्य में लगे सभी कर्मचारी मतगणना स्थल पर निष्पक्ष रहें और अपने कार्य को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ सावधानीपूर्वक करें।
सुबह 11 बजे से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में गणना पर्यवेक्षकों व सहायकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ईव्हीएम मशीन के निर्धारित टेबल में पहुंचने पर सीरियल नंबरों का अच्छी तरह से मिलान करने के बाद मतगणना शुरू करें। ईव्हीएम से परिणाम प्राप्त करने के बाद निर्धारित फॉर्म में प्रविष्टि करते समय काफी सतर्कता बरतें। प्रशिक्षण में बताए गए बिन्दुओं एवं निर्देशों पर विशेष ध्यान दें और गणना कार्य को गंभीरता से लें।