
रायपुर । यातायात नियमों का उल्लंघन करना अब पुलिस कर्मियों को भी भारी पड़ने वाला है। आमतौर पर देखा गया है कि यातायात पुलिस कर्मी बिना हेलमेट बाइक चलाते हैं। इसे लेकर एसएसपी ने सभी पुलिस स्टाफ को दोपहिया चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट धारण करने निर्देश दिया है। ऐसा नहीं करने पर उन्हें दुगना जुर्माना भरना पड़ेगा।
दरअसल 4 जून को लोकसभा चुनाव मतगणना के दौरान इंजिनियरिंग कालेज सेजबहार में यातायात व्यवस्था के लिए सुबह 5 बजे से अधिकारी/कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई थी। यातायात थाना से दो कर्मचारी एक प्रधान आरक्षक एवं एक आरक्षक अपने दोपहिया वाहन से बिना हेलमेट लगाये ड्यूटी स्थल पर पहुँचे थे। इंजिनियरिंग कालेज चौक पर पहले से उपस्थित उप पुलिस अधीक्षक गुरजीत सिंह ने देखा और दोनों को रोककर हेलमेट नही लगाने का कारण पूछा। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दोनों के विरूद्ध बिना हेलमेट दोपहिया चलाने के कारण मोटरयान अधिनियम की धारा 129/194 (डी) के प्रावधानों के तहत कार्यवाही कर प्रत्येक को 1000-1000 रूपये का फाईन किया गया। नागरिकों द्वारा बिना हेलमेट दोपहिया चलाये जाने पर मोटरयान अधिनियम की धारा 129/194(डी) के तहत 500 रूपये जुर्माना का प्रावधान है।