
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में बीते कुछ दिनों से गर्माया दतिया विधानसभा सीट का सियासी पारा अब हाईकोर्ट तक पहुंच गया है। बैंक धोखाधड़ी के 27 वर्ष पुराने मामले में तीन वर्ष की सजा और उसके बाद अपनी विधानसभा की सदस्यता समाप्त किए जाने को कांग्रेस नेता राजेंद्र भारती ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर करके चुनौती दी है।
उनकी याचिका पर मंगलवार को सुनवाई होनी है। राजेंद्र भारती को उम्मीद है कि यदि हाई कोर्ट सजा पर रोक लगा देता है, तो उनकी विधायकी बहाल होने का रास्ता साफ हो सकता है, लेकिन यदि हाई कोर्ट से राजेंद्र भारती को तत्काल राहत नहीं मिलती है, तो निर्वाचन आयोग यहां उपचुनाव की घोषणा कर सकता है।
आर्थिक धाेखाधड़ी के मामले में दोषसिद्ध के बाद दतिया विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त की जा चुकी है। वे विधानसभा की प्राकल्लन समिति के लिए निर्वाचित हुए थे और सदस्य सुविधा समिति में सदस्य के रूप में मनोनीत किए गए थे। सदस्यता समाप्त होने के बाद पांच अप्रैल को उन्हें दोनों समिति से हटा दिया गया। उनके स्थान पर दूसरे सदस्य को रखा जाएगा।