
दंतेवाड़ा। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आज कलेक्टर कुणाल दुदावत के द्वारा खनिज विभाग एवं जिला व्यापार उद्योग केन्द्र की समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में सर्वप्रथम कलेक्टर ने खनिज विभाग से संबंधित जिला में ज्यादा से ज्यादा रेत खदान चिन्हांकित करने एवं कुआकोंडा, कटेकल्याण में विशेष रूप से खदान शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने खनिज अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया कि रॉयल्टी क्लीयरेंस हेतु शासन द्वारा निर्धारित की गयी कटौती दर पर ठेकेदारों की अंतिम भुगतान काट कर रखने हेतु समस्त निर्माण विभागों को निर्देशित करे और इस संबंध में पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाय एवं आदिवासी विकास विभाग के साथ अलग से बैठक लेकर समीक्षा करें। इसके साथ ही उन्होंने बिना रॉयल्टी क्लीयरेंस के किसी के भी बिल पास नहीं करने हेतु डीएमएफ शाखा को निर्देश दिया। बैठक में इसके साथ ही कलेक्टर द्वारा एक पेड़ माँ के नाम 2.0 के तहत खनिज विभाग को निर्धारित लक्ष्य को जल्दी पूरा करने हेतु निर्देश दिए। बैठक में जानकारी दी गई कि एन एम डी सी बचेली, किरंदुल द्वारा 30 हजार पौधों का रोपण वन विभाग द्वारा बचेली और किरंदुल में किया जा रहा है।
इसके अलावा जिला व्यापार उद्योग केन्द्र की समीक्षा के तहत कलेक्टर द्वारा जिले में नवीन उद्योगों की जानकारी चाही गई। साथ ही इस संबंध में चेम्बर ऑफ कॉमर्स इन्वेस्टर बैठक लिये जाने को भी कहा गया। इसके अलावा कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म, खाद्य उन्नयन (पीएमएफएमई) योजना अन्तर्गत अधिक से अधिक प्रकरण यथा लक्ष्य अनुरूप प्रकरण तैयार कर त्वरित स्वीकृति एवं वितरण कराये जाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना अन्तर्गत स्वीकृत प्रकरणों में त्वरित वितरण करने हेतु कहा गया साथ ही निरस्त प्रकरणों को कारण सहित प्रस्तुत किए जाने के निर्देश भी संबंधित विभाग को दिए गए। कलेक्टर ने इसके लिए बैंक शाखा प्रबंधकों के साथ विभागीय बैठक लेने को भी कहा। बैठक में इसके अलावा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा कौशल योजना अंतर्गत कम प्रकरण पंजीयन के संबंध में असंतोष जताते हुए अधिक से अधिक प्रकरण तैयार करने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में जिला खनिज अधिकारी छबिलेश्वर मौर्य, महाप्रबंधक उद्योग मितवा बड़ा एवं अन्य विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।