डीजे-धुमाल के शोर में खामोश हुआ ब्रास बैंड कारोबार:गणपति विसर्जन में रायपुर के बैंड वालों को एक भी ऑर्डर नहीं, 10 दुकानें हुई बंद

Updated on 26-09-2026 01:23 PM

रायपुर में गणपति विसर्जन का सिलसिला शुरू हो गया है। विसर्जन के बीच डीजे और धुमाल की धुन पर लोग नाचते-गाते बप्पा को विदाई दे रहे हैं। लेकिन इस शोर के बीच ब्रास बैंड कलाकारों का कारोबार लगभग खत्म होने की कगार पर पहुंच गया है।

इस बार गणपति उत्सव में रायपुर के ब्रास बैंड कलाकारों को एक भी बुकिंग नहीं मिली। बैंड संचालकों के मुताबिक, कुछ साल पहले शहर में 15 से 18 ब्रास बैंड पार्टियां थीं, लेकिन अब सिर्फ 5-6 ही बची हैं।

बैंड संचालकों का कहना है कि डीजे-धुमाल के बढ़ते चलन से ब्रास बैंड की मांग लगातार कम हो गई है। काम नहीं मिलने से कई कलाकार अब सब्जी बेचने और ऑटो चलाने जैसे दूसरे काम कर रहे हैं।

15-18 बैंड पार्टियां थीं, अब 5-6 ही बचीं

रायपुर ब्रास बैंड कल्याण समिति के अध्यक्ष मोहम्मद फहीम ने बताया कि एक समय शहर में 15 से 18 ब्रास बैंड पार्टियां थीं। अब सिर्फ 5-6 लोग ही इस कारोबार में बचे हैं। इस साल गणेशोत्सव में उन्हें कोई ऑर्डर नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि पहले गणेशोत्सव हो या शादी-ब्याह, बैंड वालों के पास काम की कमी नहीं रहती थी। आज स्थिति पूरी तरह बदल गई है। डीजे और धुमाल का चलन बढ़ने से पारंपरिक बैंड का काम लगातार कम होता जा रहा है।

ये बैंड की दुकानें हुई बंद

सिद्दीकी बैंड हेड ऑफिस, सिद्दीकी दरबार बैंड, गुल मोहम्मद बैंड, सारंग बैंड, श्याम बैंड, बमलेश्वरी बैंड, न्यू राज बैंड, सिख बैंड के अलावा छोटे बैंड की कई दुकानें बंद हो गई है।

बड़े नाम भी बंद हुए, दुकानें बंद होने का डर

फहीम ने कहा कि रायपुर में कई पुराने और नामचीन बैंड अब बंद हो चुके हैं। उन्होंने गुल मोहम्मद, सिद्दीकी बैंड और सिद्दीकी दरबार बैंड जैसी दुकानों के बंद होने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बैंड में बड़ी संख्या में कलाकारों को रखना पड़ता है। उनके रहने, खाने और मेहनताने का खर्च संचालकों पर होता है।

लोग कम कीमत में काम चाहते हैं, लेकिन इतने कम पैसे में इतने कलाकारों को संभालना मुश्किल है। उनका कहना है कि अगर यही स्थिति रही तो आने वाले 3 साल में ब्रास बैंड की कई और दुकानें बंद हो सकती हैं।

90% काम प्रभावित हुआ है

एवरग्रीन बैंड के संचालक साबिर मोहम्मद ने कहा कि सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि पूरे बैंड कारोबार की स्थिति खराब है। उनके मुताबिक आज करीब 90% काम धुमाल की तरफ चला गया है। उन्होंने बताया कि एक बैंड के कलाकारों को तैयार करने में काफी मेहनत होती है।

कलाकार कई घंटे प्रैक्टिस करते हैं और 15-20 दिन तक तैयारी के बाद कार्यक्रम में कुछ घंटों के लिए प्रस्तुति दी जाती है। उन्होंने कहा कि अब लोगों को बैंड का संगीत नहीं, तेज आवाज वाला धुमाल पसंद आ रहा है। इससे कलाकारों की मेहनत का सही पैसा भी नहीं मिल पा रहा है।

15 कलाकारों में कोई सब्जी बेच रहा, कोई ऑटो चला रहा

साबिर मोहम्मद ने बताया कि उनके साथ करीब 15 कलाकार काम करते हैं। काम नहीं मिलने के कारण कोई सब्जी बेच रहा है तो कोई ऑटो चला रहा है। कुछ लोग दूसरे काम करके अपना घर चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैंड चलाना अब मुश्किल होता जा रहा है। अगर इसी तरह काम कम होता रहा तो आने वाले समय में उन्हें भी कोई दूसरा काम शुरू करना पड़ सकता है।

बच्चों को बैंड सिखाने से भी कतरा रहे कलाकार

साबिर मोहम्मद ने बताया कि उन्होंने अपनी जिंदगी के 30-35 साल बैंड के काम में लगाए हैं। उनके पिता और परिवार की पिछली पीढ़ियां भी इसी काम से जुड़ी रही हैं। उनके परिवार में इस काम का करीब 100 साल पुराना इतिहास है।

लेकिन अब वह अपने बच्चों को बैंड सिखाने की सलाह नहीं देते। उनका कहना है कि जिस काम से कभी परिवार चलता था, आज उसी काम में कलाकारों को रोजगार नहीं मिल रहा है और उन्हें दूसरे काम करने पड़ रहे हैं।

2008 के बाद धीरे-धीरे बढ़ा धूमाल का क्रेज

साबिर मोहम्मद ने कहा कि करीब 2008 के बाद धुमाल का क्रेज धीरे-धीरे बढ़ना शुरू हुआ। अब बड़े वाहनों में धुमाल का सामान लेकर टीमें कार्यक्रमों में पहुंचती हैं और कई घंटे तक तेज आवाज में कार्यक्रम चलते हैं।

उनका कहना है कि बड़ी गाड़ियों में 25-30 लाउडस्पीकर लगाए जाते हैं। तेज आवाज में धुमाल बजने से ब्रास बैंड की मांग और कम हो गई है। उन्होंने इस मामले में प्रशासन से भी ध्यान देने की बात कही।

एक दिन बैंड पूरी तरह बंद हो गया तो वापस लाना मुश्किल

बैंड संचालकों का कहना है कि यह सिर्फ एक कारोबार के खत्म होने की बात नहीं है, बल्कि एक पुरानी कला और परंपरा के खत्म होने का भी खतरा है।

उनका कहना है कि अगर कलाकारों को लगातार काम नहीं मिला तो वे धीरे-धीरे यह पेशा छोड़ देंगे। जब नई पीढ़ी इस कला को सीखेगी ही नहीं, तो कुछ साल बाद रायपुर का ब्रास बैंड सिर्फ पुरानी यादों में रह सकता है।

रायपुर का गोलबाजार गणेशोत्सव इस बार भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति की ओर से भगवान गणपति का स्वर्ण श्रृंगार किया गया है। गणपति को करीब 1 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत का सोने और रत्नों से जड़ा मुकुट पहनाया गया है। इस मुकुट का वजन 750 ग्राम है।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 26 September 2026
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के खपरगंज इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर हुए हिंसक विवाद केस में लंबे समय से फरार मुख्य आरोपी और हिंदूवादी नेता राम सिंह ठाकुर को पुलिस…
 26 September 2026
धमतरी जिले में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नदी-नाले उफान पर हैं और कई गांवों में पानी भर गया है। इसी बीच भखारा क्षेत्र…
 26 September 2026
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद में पुलिस ने मानव तस्करी और बंधुआ मजदूरी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क की कड़ियां छत्तीसगढ़ के…
 26 September 2026
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के मोहतरा गांव में ट्रांसफार्मर फटने से झुलसे पिता-पुत्र समेत तीन किसानों की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना 20 सितंबर रविवार को हेमबंद…
 26 September 2026
जांजगीर-चांपा जिले में शराबी हेडमास्टर ने स्कूल पहुंचकर हंगामा किया। पामगढ़ विकासखंड के सरकारी स्कूल भांठापारा भुईगांव में पदस्थ योगेश्वर सिंह कंवर का एक वीडियो वायरल हो रहा है।वीडियो में…
 26 September 2026
छत्तीसगढ़ में करीब 36 घंटे हुई लगातार बारिश के बाद अब बारिश थम गई है। रायपुर समेत कई हिस्सों में जलभराव है। महादेवघाट पुल से 2 फीट ऊपर पानी बह…
 25 September 2026
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में केके श्रीवास्तव की करीब 3 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी किया है। केके छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश…
 25 September 2026
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों के चुनावों में वोट चोरी का आरोप लगाया। दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय में करीब 55 मिनट की प्रेस कॉन्फ्रेंस में…
 25 September 2026
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में STF और जिला विशेष शाखा ने संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक के खिलाफ कार्रवाई की है। टीम ने सरकंडा क्षेत्र की सूर्या विहार कॉलोनी में दबिश देकर अतीक…
Advt.