Border 2 की Advance Booking में धूम, 48 घंटों में बिके 1 लाख टिकट, धुरंधर से शोज छीनने की तैयारी!

Updated on 21-01-2026 12:42 PM
'बॉर्डर 2' की रिलीज को अब बस 2 दिन बचे हैं। एक ओर जहां इस वॉर ड्रामा के लिए जमकर एडवांस बुकिंग हो रही है, वहीं सिनेमाघर और डिस्‍ट्रीब्‍यूटर्स के बीच वाकई युद्ध का मैदान सजा हुआ है। सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी स्‍टारर यह फिल्‍म 23 जनवरी को रिलीज के साथ ही देशभर के स्क्रीन पर कब्जा जमाने की तैयारी कर रही है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, डिस्‍ट्रीब्‍यूटर्स ने देशभर के थ‍िएटरों को अपनी ओर से आदेश सरीखी चेतावनी दे दी है। इसमें कहा गया है कि थ‍िएटर्स में कम से कम 2 हफ्तों तक 'बॉर्डर 2' को दिखाना जरूरी है। यही नहीं, सिंगल स्‍क्रीन को सारे शोज और मल्‍टीप्‍लेक्‍स को सीधे शब्‍दों में हर दिन कम से कम 10-11 शोज दिखाने होंगे। अब सिनेमाघरों के लिए समस्‍या ये है कि डेढ़ महीने पुरानी होकर भी 'धुरंधर' की कमाई जारी है। ऐसे में 'बॉर्डर 2' के डिस्‍ट्रीब्‍यूटर्स की नाफरमानी भी उनके लिए घाटे का सौदा है।

शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को अपनी ग्रैंड थिएट्रिकल रिलीज से पहले, 'बॉर्डर 2' के लिए उत्साह चरम पर है। यह 1997 की कल्ट क्लासिक 'बॉर्डर' की सीक्वल तो है ही, इससे भारतीय दर्शकों की भावनाएं भी जुड़ी हैं। 'केसरी' फेम अनुराग सिंह के डायरेक्‍शन में बनी 'बॉर्डर 2' साल 1971 की एक और वीरतापूर्ण लड़ाई पर बनी है, जिसमें हिंदुस्‍तान के वीर सैनिकों ने जमीन, हवा और समुद्र, तीनों से दुश्‍मन के ख‍िलाफ जंग लड़ी थी।

'बॉर्डर 2' एडवांस बुक‍िंग र‍िपोर्ट

एडवांस बुकिंग के मामले में 'बॉर्डर 2' सनी देओल की पिछली रिलीज 'जाट' को पछाड़ चुकी है। sacnilk के मुताबिक, 19 जनवरी को प्री-सेल्‍स बुकिंग शुरू हुई है और पहले 48 घंटों में ही इस वॉर ड्रामा के लिए 106855 टिकटें बिक चुकी हैं। बुधवार सुबह तक 'बॉर्डर 2' ने एडवांस बुकिंग से 3.43 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई कर ली है। जबकि ब्‍लॉक सीटों को मिला दें तो कमाई का आंकड़ा 6.68 करोड़ रुपये का है। फिलहाल, 9273 शोज के लिए प्री-बुकिंग हो रही है, जो अभी बढ़ेंगी। 48 घंटे और एडवांस बुकिंग होनी है। ऐसे में अगले दो दिन में इसमें रॉकेट जैसी रफ्तार देखने को मिल सकती है, क्‍योंकि यह फिल्‍म देशभर में 5000 से अध‍िक स्‍क्रीन्‍स पर रिलीज हो रही है।

'जाट' को पछाड़ा, क्‍या 'गदर 2' को पछाड़ पाएगी?

सनी देओल की पिछली रिलीज 'जाट' ने 2.37 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग की थी। जबकि 'गदर 2' ने 17.60 करोड़ की कमाई प्री-सेल्‍स से की थी। पिछले साल 2025 में सबसे अध‍िक एडवांस बुकिंग करने वाली हिंदी फिल्‍मों की बात करें तो विक्‍की कौशल की 'छावा' ने रिलीज से पहले 13.80 करोड़ रुपये कमाए थे। ऋतिक रोशन की 'वॉर 2' ने हिंदी वर्जन में 11.63 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग की थी। जबकि सलमान खान की 'सिकंदर' ने 10.10 करोड़ रुपये की प्री-सेल्‍स बुकिंग की थी। 'सैयारा' ने 9.40 करोड़ रुपये और रणवीर सिंह की धूम मचा रही ब्‍लॉकबस्‍टर 'धुरंधर' ने 9.23 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग की थी।

ओपन‍िंग डे पर 35-40 करोड़ कमा सकती है 'बॉर्डर 2'

'बॉर्डर 2' में वैसे तो कलाकारों की लंबी-चौड़ी लिस्‍ट है, लेकिन सनी देओल इस फ्रेंचाइजी की रीढ़ की हड्डी हैं। मेकर्स ने फिल्‍म के प्रमोशन और मार्केटिंग में कोई कसर नहीं छोड़ी है। इसमें INS विक्रांत और हाई-ऑक्टेन हवाई युद्ध सीक्वेंस हैं। फिल्‍म को गणतंत्र दिवस के माहौल और छुट्टी का भी फायदा मिलने वाला है। 26 जनवरी को इस बार सोमवार है, ऐसे में 'बॉर्डर 2' को चार दिनों का लंबा वीकेंड मिलेगा। ट्रेड एनालिस्ट्स मानकर चल रहे हैं कि 'बॉर्डर 2' पहले दिन देश में ₹35-40 करोड़ का नेट कलेक्‍शन कर सकती है।

डिस्‍ट्रीब्‍यूटर्स ने थ‍िएटरों को जारी क‍िया अजब न‍िर्देश

मेकर्स 'बॉर्डर 2' से जुड़ी भावनाओं को हर कीमत पर कैश करने में लगे हैं। इसे बीते कुछ साल में देश की सबसे बड़ी रिलीज बनाने की तैयारी है। इसका अंदाजा मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्‍क्रीन के शो-काउंट से लगा सकते हैं। 'बॉलीवुड हंगामा' की रिपोर्ट के मुताबिक, डिस्‍ट्रीब्‍यूटर्स ने एक तरह का आदेश जारी कर दिया है कि दो-स्क्रीन वाले थ‍िएटर्स में सभी शोज 'बॉर्डर 2' को दिए जाएं। इसी तरह तीन-स्क्रीन वाले सिनेमा में, रोजाना कम से कम 12 शो की फिल्‍म को मिलने चाहिए। चार-स्क्रीन वाले मल्टीप्लेक्स से 14 शो, पांच-स्क्रीन वाली प्रॉपर्टी से 16 शो, छह-स्क्रीन वाले मल्टीप्लेक्स से रोजाना 18 शो, और सात या उससे ज्यादा स्क्रीन वाले बड़े मल्टीप्लेक्स में हर दिन 20 शो 'बॉर्डर 2' को मिलने चाहिए।

'धुरंधर' से सारे शोज छीनने की तैयारी में 'बॉर्डर 2'!

'बॉर्डर 2' की रनटाइम भी 3 घंटे 16 मिनट है। इस लंबाई के कारण, लगातार दो शो शुरू होने के बीच का गैप लगभग चार घंटे होगा। इसका मतलब है कि अगर तीन-स्क्रीन वाला सिनेमाघर रोजाना 12 शो चलाने के निर्देश का पालन करता है, तो उन्हें असल में अपनी पूरी शोकेसिंग 'बॉर्डर 2' को देनी होगी, जिससे किसी दूसरी फिल्म के लिए कोई जगह नहीं बचेगी। जबकि आदित्‍य धर की 'धुरंधर' 46 दिन बाद भी करोड़ में कमाई कर रही है।

'बॉर्डर 2' के ल‍िए दो हफ्तों तक स्‍क्रीन लॉक का भी न‍ियम

इस आक्रामक शोकेसिंग प्लान में यह भी है कि दो हफ्ते तक 'बॉर्डर 2' के स्क्रीन लॉक रहेंगे। यानी सिनेमाघरों को दो हफ्तों तक फिल्‍म को इतने ही शोज में दिखाते रहना होगा। अब अगर एग्जिबिटर्स इन निर्देशों का पालन करते हैं, तो 'बॉर्डर 2' हिंदी सिनेमा के इतिहास में सबसे बड़े पैमाने पर रिलीज होने वाली फिल्मों में से एक बन जाएगी। जाहिर है, जब दर्शकों के पास सिनेमाघर में ऑप्‍शन कम होंगे तो बॉक्स ऑफिस पर इसकी कमाई रिकॉर्ड तोड़ होगी।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 24 April 2026
'धुरंधर' में रणवीर सिंह लीड रोल में थे, लेकिन राकेश बेदी ने दर्शकों के दिलों में जगह बना ली। पाकिस्तानी राजनेता जमील जमाली के रोल में वो लोगों के पसंदीदा…
 24 April 2026
दिग्गज हास्य अभिनेता दिनेश हिंगू ने 86 साल की उम्र में अपने जीवन के बारे में खुलकर बात की है, और उन्होंने जो शेयर किया वह दिल छूने वाला है।…
 24 April 2026
डेटिंग रियलिटी शो ' स्प्लिट्सविला X6 ' दर्शकों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। फैंस रियलिटी शो का भरपूर आनंद ले रहे हैं और अपने पसंदीदा…
 24 April 2026
ग्लोबल पॉप सेंसेशन और 9 बार ग्रैमी अवॉर्ड जीत चुकीं रिहाना गुरुवार रात को अचानक भारत आई हैं। मुंबई एयरपोर्ट पर देर रात करीब 10:30 बजे उन्‍हें स्‍पॉट किया गया।…
 24 April 2026
नई दिल्ली: पीएसएल में पाकिस्तान के दो स्टार तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी और हारिस रऊफ की जोरदार कुटाई हुई है। लीग का 35वां मुकाबला लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच…
 24 April 2026
नई दिल्ली: इस देश के करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के लिए 24 अप्रैल का दिन किसी उत्सव से कम नहीं है, क्योंकि सचिन तेंदुलकर का जन्म 1973 में इसी दिन हुआ था।…
 24 April 2026
नई दिल्ली: मुंबई इंडियंस का आईपीएल 2026 में प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। टीम ने सीजन के अपने पहले मैच में जीत हासिल की थी। 2012 के बाद पहली बार मुंबई सीजन…
 24 April 2026
मुंबई: मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में मुंबई को अपने घर वानखेड़े स्टेडियम में 103 रनों की शर्मनाक हार झेलनी पड़ी। इस हार के…
 24 April 2026
बीजापुर । जिला पंचायत सभाकक्ष बीजापुर में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग, संभाग बस्तर जगदलपुर की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक आयोजित की गई।बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति की…
Advt.