
कवर्धा। जिले में कुकदुर के ग्राम बाहपानी के समीप सोमवार को तेंदुपत्ता संग्रहण करके वापस लौट रही श्रमिकों से भरी पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस सड़क हादसे में अबतक लगभग 19 लोगों के निधन होने की पुष्टि की जा चुकी है। वहीं लगभग 7 श्रमिकों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर सामने आ रही है। इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने अपने सभी कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया है।
वर्तमान में भावना बोहरा झारखण्ड के गोड्डा लोकसभा में पार्टी के निर्देश पर प्रवास पर हैं और उन्हें जैसे ही इस दर्दनाक हादसे की खबर मिली उन्होंने अपने सभी कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया और छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हो गई हैं। इसके साथ ही उन्होंने तत्काल अपने प्रतिनिधियों के द्वारा हादसे में हताहत हुए परिवारजनों के घर जाकर उन्हें अंतिम संस्कार हेतु आर्थिक सहयता राशि भी दी है एवं हर संभव मदद देने की बात भी कही है। भावना बोहरा मंगलवार को सुबह सबसे पहले हादसे में हताहत हुए परिवारजनों से भेंट करेंगी। हादसे की जानकारी मिलते ही भावना बोहरा ने तत्काल स्थानीय पुलिस स्टेशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों से बचाव व राहत कार्य हेतु चर्चा की वहीं घायलों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने एवं एम्बुलेंस सुविधा को घटना स्थल पर तत्काल पहुँचाने के लिए दूरभाष से संपर्क किया।