
भोपाल लोकसभा सीट पर मतदान होने के बाद चुनाव प्रक्रिया से जुड़े कर्मचारियों को छोड़कर शेष की छुट्टियों पर लगा प्रतिबंध हटा लिया गया है। इसके अलावा पारिवारिक और व्यक्तिगत आयोजनों के लिए अब अनुमति नहीं लेना होगी। देश के अन्य हिस्सों में चुनाव की प्रक्रिया जारी है इसलिए आचार संहिता लगी रहेगी और प्रत्याशियों का चुनाव खर्च का खाता भी खुला रहेगा।
यानी प्रत्याशी अभी कोई रैली वगैरह करेंगे तो उन्हें उसका भी हिसाब देना होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि मतदान हो गया है, ऐसे में सभी कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक का औचित्य नहीं है। धारा 144 जारी है, यानी सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए अनुमति लेना होगी व्यक्तिगत के लिए नहीं।
प्रत्याशियों का चुनाव खर्च जुड़ेगा... नियमों के अनुसार मतगणना पूरी होने के बाद जीत का प्रमाण पत्र लेने तक होने वाले आयोजनों के खर्चे प्रत्याशियों के खर्चे में जुड़ते हैं। प्रत्याशियों को चुनाव खर्च मतगणना के दिन तक देना होगा। चुनाव आयोग के पूर्व जॉइंट इलेक्शन कमिश्नर एसएस बंसल के मुताबिक चुनाव के अंतिम चरण में छुट्टी जैसे सामान्य मुद्दों पर कुछ रियायत मिलने लगती है।
अंतिम चरण के मतदान के बाद कई काम आयोग से अनुमति लेकर किये जा सकते हैं। 13 मई एक बाद मुख्य रूप से ऐसे कामों पर रोक रहेगी जिसका राजनीतिक प्रभाव देश के अन्य हिस्सों के चुनाव पर पड़े।
-अनुपम राजन, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मप्र