
भिलाई। भवानी शंकर जनकल्याण समिति के तत्वावधान में वार्ड क्रमांक 1, खम्हारिया गार्डन, जुनवानी में 3 जून से 7 जून तक आयोजित दिव्य श्रीराम कथा का भक्तिमय वातावरण में आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ी कथा वाचक कांता प्रसाद ने अपनी ओजस्वी एवं प्रेरणादायी रामकथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम के आदर्शों, मर्यादाओं एवं धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। कथा के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर रामकथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करते रहे।
समापन दिवस पर हजारों की संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे, जिससे पूरा कथा स्थल भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। इस अवसर पर दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल जी भी कथा स्थल पहुंचे और पूज्य कांता प्रसाद जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा समाज को संस्कार, संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करती है तथा ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।