चुनावी अनिश्चितता के बीच आज Nesco समेत ये शेयर कराएंगे नफा, तेजी के संकेत
Updated on
10-05-2024 12:55 PM
नई दिल्ली: स्थानीय शेयर बाजारों में गुरुवार को बड़ी गिरावट आई थी। आम चुनाव को लेकर अनिश्चितता के बीच निवेशकों ने चौतरफा बिकवाली की। इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों की भारी पूंजी निकासी के साथ एचडीएफसी बैंक, लार्सन एंड टुब्रो और रिलायंस इंडस्ट्रीज में बिकवाली से भी बाजार धारणा प्रभावित हुई। तीस शेयरों वाले बीएसई सेंसेक्स में लगातार तीसरे सत्र में गिरावट देखने को मिली। यह 1,062.22 अंक यानी 1.45 फीसदी लुढ़ककर 72,404.17 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,132.21 अंक तक लुढ़क गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी 345 अंक यानी 1.55 फीसदी की गिरावट के साथ 21,957.50 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 370.1 अंक तक लुढ़क गया था।सेंसेक्स के शेयरों में लार्सन एंड टुब्रो मार्च तिमाही के वित्तीय परिणाम के बाद पांच फीसदी से अधिक नीचे आया। इसके अलावा एशियन पेंट्स, जेएसडब्ल्यू स्टील, आईटीसी, बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक, टाटा स्टील, एनटीपीसी, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और पावरग्रिड में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही थी। दूसरी तरफ टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारतीय स्टेट बैंक, इन्फोसिस और एचसीएल टेक लाभ में रहे थे।