
अमेरिका की मशहूर पॉप स्टार केटी पेरी और कनाडा के पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को हाल ही में एक साथ डिनर करते देखा गया। TMZ की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों की मुलाकात 28 जुलाई 2025 की रात मॉन्ट्रियल के ले वायलोन रेस्तरां में हुई।
इस मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में केटी पेरी और ट्रूडो एक ही टेबल पर आमने-सामने बैठे बातचीत करते दिख रहे हैं। दोनों को साथ देखकर लोगों में उनके बीच रोमांस की अटकलें तेज हो गई हैं।
सुरक्षा में कई गार्ड भी तैनात थे
यह डिनर एक प्राइवेट डेट जैसा लग रहा था, लेकिन दोनों अकेले नहीं थे। उनके साथ कई सुरक्षा गार्ड भी मौजूद थे जो उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। सुरक्षाकर्मी पास की सीटों पर बैठे थे और शीशे की दीवार के जरिए निगरानी कर रहे थे।
रिपोर्ट के मुताबिक पेरी और ट्रूडो ने रेस्तरां में कई डिशेज लीं। इनमें लॉब्स्टर भी शामिल था, लेकिन दोनों ने कोई एल्कोहलिक ड्रिंक नहीं ली। डिनर के बाद रेस्तरां के हेड शेफ खुद दोनों से मिलने आए और उनका स्वागत किया। खाना खत्म होने के बाद, पेरी और ट्रूडो दोनों ने किचन जाकर स्टाफ को पर्सनली थैंक्स कहा।
रेस्तरां में मौजूद लोगों ने बताया कि दोनों काफी दोस्ताना थे और उनके बीच काफी देर तक बातचीत होती रही। वे रेस्तरां के एक शांत कोने में बैठे थे और साथ में कॉकटेल और लॉबस्टर डिश का लुफ्त उठा रहे थे। चश्मदीदों के मुताबिक, कैटी पेरी बातचीत में काफी दिलचस्पी दिखा रही थीं।
एल्बम के प्रमोशन में कनाडा पहुंची केटी पेरी
पेरी इन दिनों अपने नए एल्बम 143 के प्रमोशन के लिए कनाडा टूर पर हैं। उन्होंने हाल ही में विन्निपेग में परफॉर्म किया और अगला शो ओटावा में होगा। वहीं, ट्रूडो जनवरी 2025 में प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद से ज्यादा लाइमलाइट में नहीं रहे हैं। 2023 में उन्होंने अपनी पत्नी सोफी से 18 साल पुरानी शादी खत्म कर दी थी।
दिलचस्प बात ये है कि कैटी पेरी का इस साल की शुरुआत में एक्टर ऑरलैंडो ब्लूम से भी ब्रेकअप हुआ था। दोनों की एक बेटी है और वे अभी भी अच्छे रिश्तों में हैं और मिलकर उसकी परवरिश कर रहे हैं।
हालांकि कुछ लोगों को लग रहा है कि ये डिनर किसी नए रिश्ते की शुरुआत हो सकती है, लेकिन दोनों की तरफ से अब तक इस बारे में कोई बयान नहीं आया है। सोशल मीडिया पर इस मुलाकात को लेकर काफी चर्चा है और #KatyPerryBoyfriend और #JustinTrudeauDating जैसे हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं।
इसी महीने केटी पेरी और ऑरलैंडो ब्लूम का ब्रेकअप हुआ
केटी पेरी और एक्टर ऑरलैंडो ब्लूम का रिश्ता 2016 में गोल्डन ग्लोब्स की एक आफ्टर पार्टी में शुरू हुआ था। दोनों के बीच जल्द ही नजदीकियां बढ़ीं और यह रिश्ता मीडिया की सुर्खियों में आ गया।
2017 में उनका कुछ समय के लिए ब्रेकअप हुआ, लेकिन 2018 में उन्होंने फिर से एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया। इसके बाद 2019 में वेलेंटाइन्स डे के मौके पर दोनों ने सगाई कर ली। इसके बाद साल 2020 में दोनों की एक बेटी हुई। हालांकि, अब तक उन्होंने कभी शादी नहीं की।
जुलाई 2025 की शुरुआत पेरी और ब्लूम ने अपने ब्रेकअप की आधिकारिक घोषणा की है। एक साझा बयान में कहा गया कि वे अब एक रोमांटिक रिश्ते में नहीं हैं, लेकिन अपनी बेटी डेजी की मिलकर देखभाल करेंगे।
केटी पेरी की पहली शादी 2010 में ब्रिटिश कॉमेडियन रसेल ब्रांड से हुई थी, जो एक पारंपरिक हिंदू समारोह में राजस्थान, भारत के रणथंभौर टाइगर सेंचुरी के पास हुई। उनकी शादी 14 महीने बाद 2011 में खत्म हो गई थी।