
अम्बिकापुर। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ ने सरगुजा जिला प्रवास के दौरान एनएचएम के मिशन संचालक जगदीश सोनकर, आयुक्त चिकित्सा एवं शिक्षा चन्दन कुमार,सीजीएमएससी की निदेशक पद्ममणि भोई साहू के साथ राजमाता देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव मेडिकल कॉलेज अम्बिकापुर व संबद्ध चिकित्सालय सहित ड्रग वेयरहाउस का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर विलास भोस्कर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह, सीएमएचओ डॉ आरएन गुप्ता, संयुक्त संचालक सह अस्पताल अधीक्षक डॉ आर सी आर्या,सिविल सर्जन डॉ जे के रेलवानी, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ रमणेश मूर्ति सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।
जिला चिकित्सालय में देखी व्यवस्था, मरीजों से बात कर लिया फीडबैक :
इस दौरान टीम द्वारा जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं का सघन निरीक्षण किया गया। अधिकारियों द्वारा चिकित्सालय की सेवाओं और मरीजों की सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान ओपीडी, जनरल वार्ड, पुरुष एवं महिला वार्ड, लेबर कक्ष, एसएनसीयू, ऑपरेशन थिएटर, पंजीयन काउंटर, आईसीयू सहित अन्य वार्डों का निरीक्षण किया तथा मातृ-शिशु भवन में स्थित प्रसव कक्ष का भी अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। ओपीडी के लिए मरीजों के भीड़ प्रबंधन के सम्बन्ध में निर्देशित किया गया, इसके साथ ही ओपीडी में डॉक्टरों के साथ अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति की जानकारी ली गई। अपर मुख्य सचिव पिंगुआ ने उपकरणों की नियमित जांच के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो। इस दौरान उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उपचार एवं सुविधाओं के सम्बन्ध में फीडबैक लिया।